आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड के तीन कांग्रेस विधायकों को कलकत्ता हाइकोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी को सशर्त अंतरिम जमानत दी है। इन विधायकों को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला में पिछले दिनों 50 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था। जमानत मिलने के बाद जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी शनिवार को जेल से निकले। जेल से बाहर आते ही उन्होंने पं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाये। अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजनीतिक लाभ के लिए हमें गलत तरीके से फंसाया है। जो भी पैसे बरामद किये गये हैं, वो हमारे तीन विधायकों के थे। हम सभी आदिवासी दिवस पर साड़ी खरीदने के लिए गये थे। गलती एक ही थी कि तीनों विधायकों के पैसे एक साथ थे, जो कुल लगभग 49 लाख थे। उन्होंने इस सारे प्रकरण को राजनीतिक साजिश करार दिया और तीनों विधायकों को बेकसूर बताया। इरफान अंसारी ने कहा कि हमारी रगों में कांग्रेस का खून बह रहा है। हम कभी भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं हो सकते।