रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आजादी के बाद से पसमांदा मुस्लिम समाज विकास में बहुत पिछड़ा है, जिसको विकास से जोड़ने के लिए बहुत सारी योजनाओं को धरातल पर उतरने का काम किया जा रहा है। बाबूलाल शनिवार को भाजपा प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। हर घर में तिरंगा लगे इस कार्य को सभी जिला अध्यक्ष अपने-अपने जिले में मोटरसाइकिल रैली निकालकर एक सुहाना वातावरण बनाने का कार्य करें। हयात ने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा पसमांदा मुस्लिम समाज के लोगों को लेकर और उनको पार्टी के विचारधारा से जोड़कर कार्य करेगी
बैठक में मोर्चा के प्रभारी सोना खान, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष कमाल खान, भाजपा के प्रदेश भाजपा कार्य समिति सदस्य काजिम, भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी तारिक इमरान कुरैशी सहित सभी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष व जिला महामंत्री मौजूद थे।