भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने निवास पर लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि और वीर दुर्गादास राठौर की जयंती पर नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महान विभूतियों का आदर्श जीवन हम सबको लोकसेवा और मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर देवी अहिल्याबाई होलकर को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा सेवा की प्रतिमूर्ति, धर्म और लोकसेवा के लिए समर्पित, लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। आदरणीय माँ ने मंदिरों और घाटों के निर्माण के साथ भूखों के लिए अन्नक्षेत्र, प्यासों के लिए प्याऊ व कुओं का निर्माण कराया तथा शास्त्रों के मनन-चिंतन और प्रवचन हेतु मंदिरों में विद्वानों की नियुक्ति की। श्रद्धेय माँ के मानव कल्याण के पुनीत कार्यों से आज की पीढ़ी संस्कार ग्रहण कर त्याग और सेवा के पथ पर चलने के लिए प्रेरित होगी। लोकमाता के चरणों में सादर नमन।