शिमला। हिमाचल प्रदेश में आई मानसूनी आपदा के कारण राज्य की जनता त्रस्त है। लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस पर भी राजनीति करने से गुरेज नहीं कर रही। हिमाचल प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने रविवार को प्रदेश सरकार पर केंद्र से मिली सहायता पर धन्यवाद के स्थान पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस आपदा के संकट में केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हिमाचल को विभिन्न माध्यमों से अबतक लगभग 1500 करोड़ की मदद की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गारंटियों का झुनझुना देकर प्रदेश पर आर्थिक बोझ डाला है। इसके बावजूद भी केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल की सहायता कर रही है। लेकिन नाशुक्री सुक्खू सरकार इसपर भी धन्यवाद देने की अपेक्षा राजनीति कर रही है।
वीरेंद्र कंवर कहा कि भारी बरसात के कारण आई आपदा में केंद्र पूरी तरह से हिमाचल के साथ खड़ा हुआ है और विभिन्न माध्यमों से राज्य के लिए राहत पैकेज जारी किए गए हैं।
उन्होने कहा कि अब तक केंद्र द्वारा 180 करोड़, 181 करोड़, 190 करोड़ की राहत क़िस्त जारी करने के साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्गों को ठीक करने के लिए 400 करोड़ का पैकेज जारी किया है। इसके अलावा गंभीर वितीय सहायता के तौर पर केंद्र द्वारा लगभग 495 करोड़ जारी किए जा रहे हैं।
भाजपा उपाध्यक्ष ने इस मदद के लिए केंद्रीय सरकार व भाजपा नेतृत्व का प्रदेश की जनता की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया है।