-प्रशासन ने सुरक्षित स्थान पर जाने का दिया निर्देश
सरायकेला। कोल्हान के तीनों जिलों में विगत चार दिनों से हो रही बारिश से सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। जिला प्रशासन के आदेश पर एहतियात के तौर पर चांडिल डैम के चार फाटक खोल दिये गये हैं। इससे जमशेदपुर समेत सरायकेला के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर चले जाने का निर्देश दिया है।

जमशेदपुर और सरायकेला से होकर बहने वाली प्रमुख नदियों में स्वर्णरेखा और खरकई है। स्वर्णरेखा नदी का डेंजर लेवल 121.50 मीटर है, जो खतरे के निशान से करीब पांच मीटर नीचे है, जबकि खरकई नदी का डेंजर लेवल 129 मीटर है। फिलहाल यह नदी खतरे के निशान से करीब दो मीटर नीचे है। रविवार को चांडिल डैम से करीब 3500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके जमशेदपुर पहुंचने में पांच से छह घंटे लग सकते हैं।

इधर, जिला प्रशासन ने तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि लोग नदी किनारे नहीं जायें। साथ ही लोग जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version