रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक शशांक राज की अध्यक्षता में हुई। इसमें झारखंड के नवनियुक्त सभी प्रदेश पदाधिकारी, प्रमंडल प्रभारी, जिला प्रभारी आदि भी उपस्थित रहे। इस दौरान राज्य सरकार के स्तर से युवाओं, उनके लिए रोजगार के सवाल पर ठगे जाने का विषय मुख्य रहा। साथ ही आनेवाले दिनों में सरकार के खिलाफ रांची में विशाल आक्रोश महारैली के आयोजन को लेकर भी विमर्श हुआ। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह, महामंत्री मनोज सिंह, मोर्चा प्रभारी विनय जयसवाल भी मौजूद रहे। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के युवा इस ठगबंधन की सरकार से त्रस्त हो चुके हैं। युवाओं के भविष्य से साथ सिर्फ खिलवाड़ किया गया है। पांच लाख सरकारी नौकरी देने की बात हो या बेरोजगारी भत्ता, सरकार ने उन्हें सिर्फ ठगा है। सहायक पुलिस कर्मियों के ऊपर लाठी चार्ज की बर्बरता हो, आंगनबाड़ी सेविका का मामला हो, जेपीएससी का पेपर लीक मामला हो, सबमें सरकार ने चुप्पी साधे रखी। जेएमएम सरकार सिर्फ बालू ओर अवैध वसूली में व्यस्त है। सरकार का समय अब पूरा हो चुका है। आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंडी युवा इस ठगबंधन सरकार को वोट की चोट से उखाड़ फेंकेंगे।

कर्मवीर सिंह ने युवा मोर्चा के नेतृत्व में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में बताया। कहा कि जिस तरह राज्य में लूट, खसोट, अराजकता और बेरोजगारी बढ़ गयी है। रैली में एक लाख से भी अधिक युवा शामिल होंगे। पूरे झारखंड से लाखों की संख्या में रांची में युवाओं का महाजुटान होगा। इस सड़ी गली भ्रष्ट सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगा। ये सरकार अब बहुत कम दिनों की मेहमान है।

शशांक राज ने कहा कि जिस तरीके से राज्य सरकार ने युवाओं को लाठी की चोट से उनके आवाज को दबाने की कोशिश की है, उसका जवाब बहुत जल्द यहां का युवा जेएमएम सरकार को चुनाव में अपने वोट की चोट से देगा। हेमंत सरकार ये भूलने की जरा भी कोशिश ना करे कि पूरा प्रदेश युवा मोर्चा, झारखंड के एक-एक छात्र के साथ खड़ा है। उनके आंदोलन में उनका साथ दिया है। सरकार चेत जाये और युवाओं के ऊपर पूर्व में किये गये अन्याय को दोहराने की गलती ना करे, अन्यथा युवा मोर्चा सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगा। बैठक का संचालन भाजयुमो प्रदेश महामंत्री रूपेश सिन्हा और समापन महामंत्री मनीष दुबे ने किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version