रांची। झारखंड की राजनीति में इस वक्त भूचाल आया हुआ है। वजह है पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा। इस बगावत के बाद अब झामुमो का पहला बयान सामने आया है। पार्टी ने कहा है कि भाजपा में उनको वह तवज्जो नहीं मिलेगी, जो झामुमो से मिली। झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि जब तक चंपाई सोरेन झामुमो में हैं तब तक उनको तवज्जो दी जा रही है, जैसे ही वह पार्टी को छोड़ेंगे, जनता भी उन्हें छोड़ देगी। इसी के साथ उन्होंने चंपाई सोरेन के झामुमो पर लगाये आरोपों के भी जवाब दिये। उन्होंने कहा कि दुख होता है लेकिन अब स्थिति साफ है। वह दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इसका क्या असर होगा यह तो वक्त ही बतायेगा, लेकिन इतिहास गवाह है कि जो लोग झामुमो छोड़ कर किसी अन्य पार्टी में शामिल हुए हैं, उन्हें वह सम्मान नहीं दिया गया है। भाजपा का अस्तित्व हमारे नेताओं पर निर्भर है। पहले सीता सोरेन को ले गये, अब चंपाई सोरेन को। उनके पास अपना कोई चेहरा नहीं है। जब तक चंपाई सोरेन हमारी पार्टी में हैं, उनका अपना कद है और एक महत्व है। जैसे ही वह हमारी पार्टी छोड़ेंगे, मुझे लगता है कि लोग भी उन्हें छोड़ देंगे। वहीं उन्होंने चंपाई सोरेन के झामुमो पर लगाये आरोपों से पर कहा कि अगर ऐसी कोई बात थी तो उन्हें पार्टी अध्यक्ष से बात करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि उनका अपना दुख है और वह बहुत बड़े नेता हैं, इसलिए मैं उनके आरोपों का खंडन नहीं करूंगा लेकिन अगर ऐसी कोई बात थी तो उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से बात क्यों नहीं की।

चंपाई सोरेन का क्या था आरोप?
हाल ही में चंपाई सोरेन ने एक्स पर लंबा पोस्ट लिख झामुमो पर उन्हें अपमान करने का आरोप लगाया था। इसी के साथ उन्होंने घोषणा की थी कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में फैसला करेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version