रांची। राज्यपाल संतोष गंगवार शुक्रवार को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य में पेसा कानून जल्द से जल्द लागू करने का आग्रह किया। राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि जनजातीय समुदाय की पारंपरिक शासन व्यवस्था की मजबूती के लिए राज्य में पेसा कानून लागू किया जाना आवश्यक है।
वर्तमान में देश में झारखंड एक मात्र ऐसा राज्य है जहां पेसा कानून लागू नहीं है। मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वह जल्द ही इसे राज्य में लागू करायें। राज्यपाल ने कहा कि देश के कलाकारों, शिल्पकारों और चित्रकारों का स्वागत करता हूं, जिन्होंने मौसम खराब होने के बावूजद भी इस महोत्सव को सफल बनाने में अपना योगदान दिया है। झारखंड वीरों की भूमि है। जनजातीय समुदाय का इतिहास गौरवशाली है।