रांची। झारखंड अलग राज्य भाजपा की देन है, इसलिए हमें राज्य में कमल खिलाकर ही चैन लेना है। शुक्रवार को ये बातें प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहीं। वे भाजपा की ओर से रांची स्थित काव्स रेस्टूरेंट में आयोजित प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे। बैठक में पार्टी के प्रमंडल प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और 5 राज्यों से आये प्रवासी कार्यकर्ता शामिल हुए। डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रवासी कार्यकर्ता झारखंड के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लक्ष्य को पूरा करने में अपना योगदान दें।

हमें तबाह झारखंड को बचाना है : शिवराज सिंह चौहान
बैठक में प्रदेश चुनाव प्रभारी तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज झारखंड झामुमो के नेतृत्व में इंडी ठगबंधन की सरकार से तबाही और बरबादी के कगार पर पहुंच गया है। हमें तबाह बर्बाद झारखंड को बचाना है। राज्य में आज एकतरफ केवल लूट और भ्रष्टाचार है दूसरी ओर बांग्लादेशी घुसपैठियों का उत्पात है।

जनता भ्रष्ट-निकम्मी सरकार से ऊब चुकी है : हिमंता बिस्वा सरमा
कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार जनता की मांग है। जनता भ्रष्ट और निकम्मी सरकार से ऊब चुकी है। प्रवासी कार्यकर्ता संकल्प लें कि हम सभी झारखंड में भाजपा की सरकार बनाकर ही चैन की सांस लेंगे।

भाजपा की सरकार बनेगी : बाबूलाल मरांडी
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रवासी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सबके प्रयास और परिश्रम से झारखंड में भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार चुनाव के बाद भी और चुनाव के पहले केवल झूठ बोलती रही। आज अपनी कुर्सी के लिए यह सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा ने किया। मंचस्थ अतिथियों का स्वागत वरुण साहू, सुमित शरण, धीरज महतो, विवेकानंद सिंह, अमित तिवारी, लक्ष्मण बड़ाइक , मनीर उरांव तथा सुधांशु ओझा ने किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, सांसद दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, मनोज सिंह उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, विकास प्रीतम, जवाहर पासवान, रविकांत मिश्र, सुनीता सिंह, सरोज सिंह और मुनेश्वर साहू उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version