गिरिडीह। गिरिडीह के इनामी नक्सली की लिस्ट में शामिल हार्डकोर नक्सली रामदयाल महतो ने रविवार की देर रात समर्पण कर दिया। समर्पण के समय एसपी दीपक शर्मा भी मौजूद थे। रामदयाल महतो के समर्पण किये जाने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है। दस लाख के इनामी हार्डकोर नक्सली रामदयाल महतो का समर्पण कराने में उसके बेटे बैजनाथ महतो की खास भूमिका बतायी जा रही है। चर्चा इस बात को लेकर भी है कि रामदयाल महतो ने मधुबन थाना इलाके में ही रविवार को समर्पण किया।

रामदयाल महतो उर्फ बच्चन दा पीरटांड़ थाना इलाके के पांडेयडीह का गांव का रहनेवाला है और इस पर कई नक्सली घटनाओं से जुड़े केस दर्ज हैं। बढ़ती नक्सली घटनाओं में इसके शामिल होने के बाद ही इस पर राज्य पुलिस ने दस लाख के इनाम की घोषणा की थी। इतना ही नहीं कुछ दिनों पहले ही एसपी दीपक कुमार शर्मा इसके घर जा कर परिजनों से मिले और परिजनों को समझाया कि वो रामदयाल महतो उर्फ बच्चन दा को समर्पण के लिए प्रेरित करें। माना जा रहा कि बेटे के दबाव में रामदयाल महतो ने समर्पण किया है। वहीं इसके समर्पण किये जाने के बाद अब पीरटांड़ में नक्सली संगठन का हाशिए पर जाना तय माना जा रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version