कहा-कांग्रेस प्रदेश के सभी प्रवक्ता और सोशल मीडिया चेयरमैन पूर्व की तरह कार्यरत रहेंगे
रांची। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय प्रभारी, मीडिया प्रभारी,चेयरमैन सहित सभी प्रवक्ता और सोशल मीडिया चेयरमैन एवं सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर पूर्व की भांति कार्यरत रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस संबंध में निर्देश दिये हैं।
इस संबंध में रविवार को प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन और सरकार द्वारा जनमुद्दों को लेकर किये गये कार्यों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाना है। ताकि झारखंड में कांग्रेस के सिद्धांतों के अनुसार किये गये कार्यों से जनता परिचित हो सके। महागठबंधन सरकार द्वारा किये गये कार्यों को विभिन्न संवाद माध्यमों से भाजपा द्वारा अपना बताने की कोशिश की जाती है, जिससे जनता भ्रमित होती है। इसलिए आवश्यक है की जनकल्याण के किये गये कार्यों को मीडिया के माध्यम से लगातार जनता के समक्ष रखा जाये और उन्हें किसी प्रकार के छलावे में फंसने से बचाया जाये।
राजीव गांधी की जयंती पर सभी जिलों में सद्भावना यात्रा निकालेगी कांग्रेस
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के 80 वीं जयंती पर सभी जिला अध्यक्षों को जिला मुख्यालयों में सद्भावना यात्रा आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के सी वेणुगोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने यह निर्देश दिया है। इस संबंध में रविवार को जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि सद्भावना यात्रा में सभी जिला अध्यक्ष अपने जिला अंतर्गत आने वाले सांसद, विधायक एवं संगठन के सभी स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।