रांची। स्मार्ट मीटर 1 सिंतबर से प्रीपेड मोड पर काम करने लगेंगे। इसके साथ ही जेबीवीएनएल द्वारा नयी व्यवस्था भी लागू कर दी जायेगी। सिंतबर महीने से नयी व्यवस्था पूर्णत: लागू हो जायेगी, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। झारखंड बिजली वितरण निगम की मानें तो उपभोक्ता बिजली बिल समेत बिजली संबंधी अन्य जानकारी व्हाट्सएप पर ले सकते हैं। वहीं, जेबीवीएनएल के पास जिन उपभोक्ताओं का रजिस्टर्ड व्हाट्सएप नंबर है, उन्हें व्हाट्सएप मैसेज के जरिये इसकी जानकारी दी गयी है। जेबीवीएनएल के मोबाइल नंबर 9431135503 पर व्हाट्सएप से जुड़ सकते हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर टॉल फ्री नंबर 1912 या 1800-345-6570 या 0651-2710002 पर संपर्क करें।
जेबीवीएनएल की ओर से रांची और धनबाद में स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। झारखंड बिजली वितरण निगम की ओर से उपभोक्ताओं को मोबाइल अपडेट करने की सलाह दी गयी है। साथ ही बताया गया है कि उपभोक्ता निकटतम विद्युत कार्यालय में अपने मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली वितरण निगम लिमिटेड की नयी सेवाएं एसएमएम एवं व्हाट्सएप की सुविधा का लाभ मिल सके।
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के निकटवर्ती विद्युत कार्यालय में उपभोक्ता सिक्योरिटी डिपॉजिट की रसीद को अपडेट करा सकते हैं। रांची में अब तक लगभग 2.61 लाख स्मार्ट मीटर स्थापित किया जा चुका है। यह अब नयी बिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से प्रीपेड मोड में काम करेगा। यानी राशि उपलब्ध रहने तक विद्युत रहेगी। वहीं राशि समाप्त होने या बैलेंस खत्म होने पर विद्युत स्वत: विच्छेदित हो जायेगी।