रांची: चुटिया थाना क्षेत्र के साईं कॉलोनी में रहनेवाले भाजपा नेता मदन सिंह के बेटे शिवम सिंह (15), मौसेरा भाई गौरव सिंह (16) और अभिषेक सिंह उर्फ शैंकी (21) के अपहरण में शक की सूई पीएलएफआइ की तरफ जा रही है। इसके अलावा पुलिस बिहार के चंदन सोनार गिरोह पर भी शक कर रही है। पुलिस शैंकी को भी एक कोण मान करके जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अपहर्ताओं ने गौरव के परिजनों से संपर्क साधा था। यह कल की बात है। गुरुवार को किसी तरह की सूचना नहीं आयी है। इधर पुलिस को अपहृतों का अंतिम लोकेशन घटनास्थल पर ही मिला था। फोन लोकेशन और सभी कोणों को ध्यान में रख करके पुलिस जांच कर रही है। इसके अलावा अलग-अलग टीम बेड़ो, लापुंग, कर्रा समेत पीएलएफआइ के गढ़ पर नजर रखे हुये है। हालांकि पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। इस मामले में पुलिस के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
पूर्व से उठाने की थी योजना : सूत्रों की मानें तो भाजपा नेता के बेटे शिवम को चंदन सोनार पहले भी एकबार उठाना चाहता था लेकिन उसकी योजना विफल हो गयी थी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि इस बार चंदन सोनार कहीं शैंकी को मोहरा बनाकर शिवम का अपहरण तो नहीं कर लिया है। पुलिस की एक टीम शैंकी के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। शैंकी का इतिहास दागदार रहा है। इधर पुलिस के वरीय अधिकारी घटना पर नजर बनाये हुए हैं और रांची के लगभग हर थाना प्रभारी अपने-अपने स्तर से जानकारी एकत्र कर रहे हैं। सीआइडी की टीम भी लगी हुई है। भाजपा के नेता, मंत्री के अलावा खुद मुख्यमंत्री ने भी इस घटना की जानकारी ली है और पुलिस को तत्काल बच्चों को ढूंढ़ निकालने का आदेश दिया है। देर रात तक मदन सिंह के आवास पर पुलिस का जमावड़ा लगा हुआ था।
घर परिवार भी खोज रहे है ंअपने नौनिहाल को : पुलिस के अलावा अपहृृतों के परिजन अपने स्तर से भी बच्चों को खोजने में लगे हैं। हर तरफ से जानकारी एकत्र कर रहे हैं। परिजनों की चिंताएं काफी बढ़ गयी हैं।
डीआइजी खुद कर रहे हैं मॉनिटरिंग : दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के डीआइजी अमोल वेणुकांत होमकर खुद उन स्कूली छात्रों को खोजने में लगे हुए हैं। इसके लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है। गौरतलब हो कि मंगलवार को अज्ञात अपराधियों द्वारा तीनों स्कूली छात्र का अपहरण कर लिया गया है। बुधवार के बाद अपहर्ताओं की तरफ से किसी तरह का संपर्क नहीं किया गया है। इधर पुलिस की चौकसी बढ़ गयी है। पूरे झारखंड की पुलिस चौकन्ना हो गयी है।
मंगलवार को गडगांव जाने के लिए निकले थे सभी : शिवम सिंह के पिता मदन सिंह ने बताया कि तीनों बेड़ो के गडगांव जाने की बात कहकर निकले थे। गडगांव जाने के दौरान उनका छोटा बेटा शिवम सिंह, गोसांई टोली मार्ग में रहनेवाले अभिषेक उर्फ शैंकी सिंह व उनके साथ काम कर रहे दुर्गा सिंह के छोटे पुत्र गौरव कुमार सिंह आॅल्टो कार पर सवार होकर गडगांव जा रहे थे। शैंकी सिंह भी अपनी आॅल्टो कार लेकर गया था। आॅल्टो कार को उसने बहू बाजार स्थित रिलायंस फ्रेश के समीप ही छोड़ कर चला गया। बाद में शैंकी की मां बेबी सिंह ने दूसरे चाबी से शिवम सिंह के बड़े भाई अमन सिंह से आॅल्टो कार को घर मंगवा लिया था।