कोडरमा। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्घि एवं राफेल डील में हुई कथित घोटाले के विरोध में सोमवार को आहूत भारत बंद को लेकर विपक्षी दलों ने कमर कस ली है। रविवार की संध्या सभी विपक्षी दलों ने माकपा जिला सचिव रमेश प्रजापति के नेतृत्व में झुमरीतिलैया के बेलाटांड़ दुर्गा मंडप परिसर से मशाल जुलूस निकाला गया। इसमें राजद, कांग्रेस, भाकपा, माकपा, जेवीएम एवं अन्य दलों के दर्जनों कार्यकर्ता जुलूस में शामिल हुये। जुलूस शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए झंडा चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गयी।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी के विरोध में नारेबाजी की। वक्ता राजद अध्यक्ष गुलाम जिलानी, माकपा सचिव रमेश प्रजापति, भाकपा नेता महादेव राम, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज सहाय पिंकू, जेवीएम जिला अध्यक्ष बेदू साव ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भय, भूख एवं भ्रष्टाचार का आलम है। पेट्रलियम पदार्थों के मूल्य वृद्घि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने का काम किया है। इससे आम आवाम हलकान है। पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यवृद्घि का सीधा असर रोजमर्रा के सामानों में पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त का दावा करने वाली इस सरकार के सभी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है। फ्रांस के साथ हुई राफेल डील पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई समझौता के बाद मौजूदा सरकार ने दोगुनी से अधिक कीमत पर यह डील की है।

इनकी रही उपस्थिति
मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सदस्य तुलसी मोदी, राजेंद्र जयसवाल, संजय शर्मा, नगर अध्यक्ष प्रभात कुमार राम, उत्तम दास पाल, सईद नसीम, सहूद खान, रामलखन पासवान, सुरेश मोदी, भागीरथ पासवान, जहीर उद्दीन, उमेश साव, केशरी देवी, राजेश, लक्षमण यादव, भोला दास, जेवीएम से अरसद खान, सुनिल यादव, उत्तम शर्मा, विजय रजक, अमरेंद्र शर्मा, लक्षमण मंडल, युगलकिशोर शर्मा, राम प्रसाद साव, राजू सिंह, मो़ डब्लू, राजद से नवीन जैन, छोटे सरकार, छोटू यादव, चद्रदेव यादव, बासदेव यादव, दिलीप शर्मा, दिलीप बर्मा, रामबालक चौधरी, अर्जुन, राजकुमार यादव, आजाद अंसारी, भाकपा जिला मंत्री प्रकाश रजक, उदय द्विवेदी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

इधर पुलिस प्रशासन ने बंद को लेकर तैयारी की है। एक विज्ञप्ति जारी कर पुलिस की ओर से व्हाट्सएप नंबर 7667532042 दिया गया है। जबरन बंद करने या तोड़फोड़ होने पर सूचना देने को कहा गया है, ताकि कार्रवाई की जा सके।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version