रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में कुछ बदलाव हुआ है। वे अब 23 सितंबर को सुबह 11:30 बजे प्रभात तारा मैदान पहुंचेंगे। इससे पहले उन्हें दोपहर बाद 1:55 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचना था। प्रधानमंत्री यहां से आयुष्मान भारत योजना की लॉन्चिंग के साथ कोडरमा और चाईबासा में बनने वाले मेडिकल कॉलेजों का शिलान्यास करेंगे।
सीएम बोले, सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें : मोदी के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को सीएम आवास में आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सीएम ने कहा कि इस कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों के आने की उम्मीद है। इसलिए सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें। कार्यक्रम स्थल तक जाने में कोई अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रांची के साथ कोडरमा, चाईबासा, पलामू और दुमका के लोगों से भी सीधे जुड़ेंगे। चाईबासा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पलामू में सांसद बीडी राम और दुमका में संथाल इलाके के तीनों मंत्री डॉ. लुईस मरांडी, राज पलिवार और रणधीर सिंह मौजूद रहेंगे। इन प्रमंडलों में भी गोल्डन कार्ड वितरित किए जाएंगे।