रांची/नयी दिल्ली। पेट्रोल-डीजल के दाम में बेतहाशा बढ़ोत्तरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में 10 सितंबर को आयोजित भारत बंद को कांग्रेस ने हिंसा मुक्त रखने का आह्वान किया है। कांग्रेस के मुताबिक इस बंद को सफल बनाने के लिए 21 राजनीतिक दलों का उन्हें समर्थन प्राप्त है। साथ ही, उन्होंने अन्य विपक्षी दलों से भी बंद को सफल बनाने के लिए समर्थन देने की अपील की है। इधर, राजधानी रांची में भी बंद की पूर्व संध्या पर मशाल जुलूस निकाला गया। इसमें तमाम संगठनों के लोगों का कांग्रेस को समर्थन मिला।

हिंसामुक्त रखने का आह्वान
रविवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोलते हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने पार्टी कार्यकर्ताओंं से बंद को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओंं का आह्वान किया है कि बंद के दौरान किसी प्रकार की हिंसा न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलनेवाली पार्टी है और आम आदमी को कोई तकलीफ नहीं होने पाये।
कई संगठनों का मिला साथ

माकन ने बताया कि कांग्रेस के इस देशव्यापी बंद में 21 राजनीतिक दल शामिल होंगे। ये बंद को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से इस बंद को सफल बनाने के लिए समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह बंद कांग्रेस का नहीं, बल्कि सभी दलों का है। माकन के मुताबिक कांग्रेस के इस भारत बंद को कई चेंबर आॅफ कॉमर्स, ट्रेडर्स एसोसिएशंस और कई राज्यों के स्कूलों ने समर्थन दिया है। भारत बंद के लिए सपा, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी, लोकदल, झामुमो, झाविमो समेत कई अन्य दल समर्थन कर रहे हैं।

जीएसटी के दायरे में लाया जाये पेट्रोल-डीजल : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि कांग्रेस ने मांग की है कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के अंदर लाया जाये। उन्होंने कहा कि अभी भी 40 फीसदी वस्तुएं जीएसटी से बाहर हैं, उन्हें भी जीएसटी में शामिल किया जाये।

रांची में फ्लैग मार्च : विपक्षी दलों के बंद को देखते हुए झारखंड पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। पुलिस को यह निर्देश दिया गया है कि वह उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखे। हिंसा और तोड़फोड़ होने पर कड़ी कार्रवाई करे। संवेदनशील जगहों पर मैजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है। बंद को लेकर फ्लैग मार्च भी किया गया।

बंद सुबह नौ से तीन बजे तक
माकन के मुताबिक बंद शांतिपूर्वक होगा और इस दौरान आम यातायात को बाधित नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वह खुद सुबह दस बजे से दिल्ली में करोल बाग पेट्रोल पंप पर रहेंगे। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पेट्रोल पंप मालिकों से भी बंद में शामिल होने की अपील की गयी है। बंद सुबह नौ बजे से दिन में तीन बजे तक होगा, ताकि आम जनता को दिक्कत नहीं हो।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version