रांची। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि एनएच-33 पर 11 सितंबर को चार जगहों पर पत्थलगड़ी की जायेगी। रांची में मीडिया से बात करते हुए डॉ अजय ने कहा कि एनएच-33 हड्डीतोड़ हाइवे बन गया है। चार साल से इस सड़क की दयनीय स्थिति है। करोड़ों रुपये खर्च किये गये। केंद्र सरकार ने अपने चहेते ठेकेदार को इस सड़क का काम दिया और जिसे काम मिला, वह पैसा लेकर भाग गया। उन्होंने मांग की कि सरकार इस बात का खुलासा करे कि इस सड़क की राशि कहां खर्च हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेता 11 सितंबर को नामकुम, चौका, डिमना और घाटशिला में पत्थलगड़ी करेंगे। पोस्टर भी लगायेंगे। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत और यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव करेंगे।

स्टेन स्वामी, थियोडोर किड़ो के खिलाफ एफआइआर पर आग बबूला हुए डॉ अजय : खूंटी मामले में स्टेन स्वामी, कांग्रेस नेता थियोडोर किड़ो, राकेश रोशन बिर्क, आलोक कुजूर सहित 20 लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा दायर करने को गलत कदम करार देते हुए डॉ अजय ने कहा कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरकार अब फेसबुक की टिप्पणी पर भी देशद्रोह का मुकदमा दायर कराने लगी है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि वह भी फेसबुक पर उसी तरह का पोस्ट कर रहे हैं, सरकार में हिम्मत है, तो देशद्रोह का मुकदमा दायर करे। कहा कि झारखंड कांग्रेस के सभी बड़े नेता इस तरह का पोस्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि मेघालय के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिल कर कहा है कि झारखंड में अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय हो रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि देश में पहली बार लग रहा है कि जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार है, वहां सरकार अल्पसंख्यकों पर अत्याचार करा रही है। अल्पसंख्यक मामले की मंत्री लुइस मरांडी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। प्रेस कांफ्रेंस में डॉ अजय के साथ-साथ सुखदेव भगत, राजेश ठाकुर और कुमार गौरव उपस्थित थे।

अडानी के खिलाफ गोड्डा में सात सितंबर से आंदोलन : गौरव : यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि गोड्डा में अडानी के अधिकारी खड़ी फसल पर बुलडोजर चला रहे हैं। भूमि अधिग्रहण कानून का उल्लंघन कर ग्रामीणों पर अत्याचार किया जा रहा है। कहा कि इसके विरोध में सात सितंबर से यूथ कांग्रेस गोड्डा में आंदोलन करेगा। यह आंदोलन 12 सितंबर तक चलेगा। प्रदेश कांग्रेस के नेता भी इस आंदोलन में शामिल होंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version