रांची। राजधानी रांची में मोटर एक्ट का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ डीटीओ संजीव कुमार लगातार अभियान चला रहे हैं। मंगलवार को एनएच-75 के मांडर थाना समीप अभियान चलाया गया। इस दौरान रजनीगंधा नामक बस को रोका गया। बस में सवारी भरी हुई थी। वहीं, बस की छत पर 50 से अधिक लोग जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे थे। अभियान चलते ही वाहन चालकों में हड़कंप मच गया बस की छत पर सवार लोगों को नीचे उतारा गया। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मांडर थाना की पुलिस भी मौजूद थी।
14 वाहन हुए जब्त
चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोड बिना परमिट और सही कागज नहीं रखने वाले वाहनों पर कार्रवाई हुई। कुल 14 वाहनों को जप्त कर मांडर थाने के सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में डीटीओ ने बताया कि जिले के सभी रूटों पर अलग-अलग दिन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। एमवी एक्ट का उल्लंघन करने वालों पर कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।