रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत झारखंड से करके प्रधानमंत्री ने बदलते झारखंड के डिलीवरी सिस्टम पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि झारखंड भी प्रधानमंत्री के इस सपने को धरती पर उतारने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। अब तक 357 अस्पताल और नर्सिंग होम का निबंधन हो चुका है। 800 से ज्यादा गोल्डन कार्ड बांटे जा चुके हैं।

आयुष्मान भारत के तहत रोगियों का इलाज भी शुरू हो गया है। सहयोग के लिए 448 आरोग्य मित्रों की नियुक्ति कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि 23 सितंबर का दिन आजाद भारत के इतिहास में एक रेड लेटर डे के रूप में जाना जायेगा। सरकार ने गरीबों को बीमारी के इलाज के झंझट से आजादी दिलायी। उन्होंने कहा कि यह योजना पार्टी और दलगत राजनीति के ऊपर की थी, मगर जिस तरीके से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने इस योजना को चुनावी स्टंट बताया, यह इन दोनों नेताओं और इनके दलों की गरीब विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। कहा कि इस हेल्थ केयर स्कीम के तहत अधिकतर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लोग ही कवर होंगे। इस स्कीम का विरोध करके इन समुदायों के प्रति अपनी विरोधी मानसिकता को दिखा दिया है।
स्वस्थ रहने का मूल मंत्र है स्वच्छता : दीनदयाल
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने कहा कि स्वस्थ रहने का मूलमंत्र स्वच्छता है। सरकार इसे ध्यान में रख कर 14 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा है, कार्यक्रम कर रही है। मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित सरकार के मंत्री सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि दो अक्टूबर को महात्मा गांधी के चरणों में स्वच्छ झारखंड को समर्पित करेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version