रांची। पेट्रोल-डीजल एवं गैस की कीमत में हुई बढ़ोत्तरी के खिलाफ शनिवार को झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव के नेतृत्व में रिक्शा मार्च निकाला गया। यह मार्च मोरहाबादी स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल से शुरू हुआ और उपायुक्त कार्यालय तक गया। उपायुक्त कार्यालय के समक्ष यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओंं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। कुमार गौरव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि बढ़ती महंगाई से आम लोग बेहाल हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम ने 70 वर्षों के रिकार्ड को ध्वस्त कर दिया है। ऐसा प्रतीत होता है कि पेट्रोल का दाम अब शतक पार कर जायेगा। केंद्र सरकार पेट्रोलियम पद्धार्थों की कीमत को नियंत्रित नहीं कर रही है, बल्कि लगातार टैक्स में वृद्धि कर जनता पर बोझ डाल रही है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश प्रभारी मो इमरान अली, श्वेता सिंह, देव शर्मा, परितोष सिंह, अभिनव सिद्धार्थ, राजेश सिन्हा सन्नी, रियाजुल अंसारी, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, कुलदीप कुमार रवि, अमर कुमार यादव, आलोक तिवारी, ऋषिकेश सिंह, अमृत सिंह, धीरेंद्र सिंह, वेद प्रकाश तिवारी, शैलेंद्र कुमार यादव, राजीव नारायण प्रसाद, सुमित सिन्हा, सागर कुमार महतो, मो अमीर, आफताब आलम, राजेश कुमार, कमल कच्छप, प्रेमेंद्र कुमार मिश्र, चंदन सिंह, पंचम सिंह, दीपेश पाठक बाबा, एनएसयूआइ के प्रदेश महासचिव इंद्रजीत सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
जनता त्रस्त सरकार मस्त : कुमार गौरव
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि महंगाई की मार से देश और राज्य की जनता त्रस्त है और सरकार मस्त है। पिछले चार वर्षों में सरकार ने सिर्फ पेट्रोल-डीजल के टैक्स से 11 लाख करोड़ रुपया जनता की जेब से निकाला है। पेट्रोल पर 211 प्रतिशत टैक्स बढे हैं, जबकि डीजल पर लगभग 443 प्रतिशत टैक्स बढ़ाया गया है। सबसे ज्यादा डीजल का इस्तेमाल देश के किसान करते हैं, सरकार ने किसानों की कमर तोड़ दी है। सरकार ने महिलाओं की रसोई पर सीधा हमला किया है। जो गैस सिलेंडर यूपीए के शासन में 414 रुपये था, आज एक सिलेंडर का दाम 854 रुपया है। कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज रुपया का मूल्य गिर कर प्रति डॉलर 72 रुपया हो गया है।