जयकांत शुक्ला
मेदिनीनगर। पलामू पुलिस लाइन मैदान में रघुवर दास सरकार ने शनिवार को एक और गौरवगाथा लिखी। यहां से प्रमंडल के लिए उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त सेकेंड रिफिल की शुरुआत की गयी। इस मौके पर सीएम रघुवर दास ने प्रमंडल के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दो से ढाई साल में पलामू, गढ़वा, लातेहार से सुखाड़ का नामोनिशान मिट जायेगा। हर खेत के लिए मुकम्मल सिंचाई की व्यवस्था हो जायेगी। घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचेगा। इस दिशा में काम तेजी से चल रहा है। इस घोषणा के साथ ही पलामू पुलिस लाइन का मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उमस भरी गर्मी और पसीने से तर-बतर लोगों के चेहरे इस घोषणा के बाद खिल उठे। सीएम ने जैसे ही कहा कि सरकार गरीबों के लिए है। सरकार का खजाना सिर्फ गरीबों के लिए है। दुर्गापूजा के बाद सीएम कृषि आशीर्वाद योजना के तहत दूसरी किस्त की राशि ट्रांसफर की जायेगी, ताकि किसानों को खाद-बीज के लिए साहूकारों का चक्कर नहीं काटना पड़े। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ‘रघुवर सरकार जिंदाबाद’ के नारे लगाने लगा।
स्थानीय नीति के नाम पर राजनीति हुई
सीएम रघुवर दास ने कहा कि स्थानीय नीति के नाम पर सिर्फ राजनीति होती रही। हमारी सरकार ने स्थानीय नीति को परिभाषित करते हुए झारखंडी युवाओं को नौकरी का मार्ग प्रशस्त किया। आज झारखंड के एक लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी मिली है। 50 हजार नौकरी पाइप लाइन में है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास किया है। हमारी सरकार ने भी काम किया है और करेंगे। मुसलमानों को आजादी के इतने सालों तक वोट बैंक बनाया गया। बावजूद इसके इनकी दशा नहीं सुधरी। मोदी सरकार ने बिना भेदभाव के मुसलमानों के विकास की चिंता की। हर योजना से इन्हें जोड़ा जा रहा है।
झारखंड बनेगा गैस चूल्हा से दुर्घटनारहित राज्य
सीएम रघुवर दास ने कहा कि झारखंड को गैस चूल्हा से दुर्घटनारहित राज्य बनाना है। इसके लिए नौ सितंबर को रांची में मास्टर ट्रेनर तैयार किया जायेगा। मास्टर ट्रेनर प्रखंड की उज्ज्वला दीदी को ट्रेनिंग देंगे। प्रखंड की उज्ज्वला दीदी पंचायत और गांव की दीदियों को ट्रेनिंग देंगी। ट्रेनिंग पाकर उज्ज्वला दीदी घर-घर जाकर महिलाओं को बतायेंगी कि कैसे गैस चूल्हा का इस्तेमाल करना है। डीसी को कहा गया है कि एक सप्ताह में उज्ज्वला योजना से वंचित परिवारों की सूची तैयार कर लें और उन्हें यथाशीघ्र गैस कनेक्शन और चूल्हा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करें।
डेयरी फार्म खोलें, 50 फीसदी सब्सिडी मिलेगी
सीएम रघुवर दास ने कहा कि डेयरी फार्म खोलें, सरकार 50 फीसदी सब्सिडी देगी। साथ ही मेधा डेयरी के माध्यम से तमाम दूध भी खरीद लिया जायेगा। 2022 तक केंद्र सरकार ने गरीबों की आय दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में झारखंड की सरकार भी काम कर रही है। 2022 तक झारखंड में कोई भी बेघर नहीं रहे, बिना दवा नहीं रहे, बेशिक्षा नहीं रहे, इस दिशा में सरकार काम कर रही है।
महिला शक्ति को राष्टÑ की शक्ति बनाना है
सीएम रघुवर दास ने कहा कि महिला शक्ति को राष्ट की शक्ति बनाना है। इस दिशा में सरकार काम कर रही है। उनके स्वावलंबन की दिशा में तमाम प्रयास किये जा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार के कारण ही झारखंड में महिलाओं को डबल रिफिल मुफ्त दिया जा रहा है। ऐसा करनेवाला झारखंड पहला राज्य है। इसकी घोषणा रक्षाबंधन के दिन की गयी थी और जन्माष्टमी से इसकी शुरुआत की गयी। इसी कड़ी में पलामू प्रमंडल में इसकी शुरुआत हो रही है। सरकार का प्रयास है कि गरीब भी गर्व से जिये। सीएम रघुवर दास ने कहा कि झारखंड गरीबी रेखा से तेजी से विकास करनेवाला दूसरा राज्य बन गया है। देखें पेज 03 भी
रघुवर सरकार की नीयत साफ है, इसलिए नीति भी स्पष्ट: जेपी नड्डा
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 47 साल बाद मंडल डैम का शिलान्यास किया गया है। इस दिशा में तेजी से काम भी हो रहा है। कहा कि रघुवर सरकार का नीयत साफ है, इसलिए नीति भी स्पष्ट है। सरकार हर दिशा में बेहतर काम कर रही है। पलामू और गढ़वा में ग्रिड की स्थापना की जा रही है। इसके बाद से इस क्षेत्र में बिजली की समस्या भी खत्म हो जायेगी। सरकार ने महिलाओं के नाम एक रुपये में रजिस्ट्री की योजना लाकर क्रांतिकारी कदम उठाया है। यह सब डबल इंजन की सरकार के कारण ही हो रहा है। एक तरफ जहां किसानों के लिए मोदी सरकार सालाना छह हजार रुपये दे रही है, वहीं दूसरी ओर रघुवर सरकार ने पांच से 25 हजार देने की योजना शुरू की है। उज्ज्वला योजना में झारखंड ने एक और क्रांतिकारी पहल की है। यहां चूल्हा के साथ दो रिफिल मुफ्त दी जा रही है। देश में ऐसा करनेवाला झारखंड पहला राज्य है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को फेफड़े की बीमारी से निजात मिल रही है। वहीं पर्यावरण संरक्षण भी हो रहा है। पहले अर्जुन मुंडा की सरकार और अब रघुवर की सरकार ने झारखंड को प्रगति के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब गैस पर राजनीति होती थी,आज घर-घर गैस कनेक्शन पहुंच रहा है।