रामगढ़। रामगढ़ के चुटूपालू घाटी फोरलेन पर बुधवार की शाम तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हो गई। तीनों दुर्घटनाओं में कुल नौ वाहन आपस में टकरा गए। इस घटना में 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। एक ट्रैकर पर सवार चार यात्रियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक यात्री की मौत सदर अस्पताल में हो गई। 13 यात्रियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। रांची से धनबाद जा रहे एक स्वीफ्ट कार में एक लड़की सहित तीन लोग बुरी तरह से दब गए। तीनों को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार सबसे पहले रांची की ओर से आ रहे तेज रफ्तार एक ट्रेलर(एचआर79सी-7808) ने चुटूपालू घाटी के गंडके मोड़ के पास रांची की ही ओर आ रहे यात्रियों से भरे एक ट्रैकर (जेएच01एफ-4055) को पीछे से धक्का मार दिया। इससे ट्रैकर पर सवार एक दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। इसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के कुछ देर बाद ही घाटी में एक माल लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।