अजय शर्मा
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास के काम के कारण झारखंड का नाम पूरे देश में हो रहा है। सीएम के काम करने की शैली की वजह से ही पीएम नरेंद्र मोदी के लिए यह फोकस राज्य बन गया है। यही वजह है कि कई बड़ी देश स्तरीय योजनाओं की शुरुआत पीएम इस राज्य से करते रहे हैं। प्रधानमंत्री के हृदय में झारखंड बस गया है। इसके पीछे इस राज्य के गठन में भाजपा का हाथ भी शामिल है। प्रधानमंत्री खुद को इस राज्य से जोड़े रखना चाहते हैं। झारखंड छोटा राज्य है, लेकिन केंद्र की नजर में यहां की सरकार के काम के कारण बड़ी जगह बन चुका है। इसका श्रेय सीएम को जाता है। इसी राज्य से प्रधानमंत्री ने जनधन योजना, मुद्रा लोन योजना और आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की। राज्य बनने के बाद साथ बने दो अन्य राज्यों की तरह झारखंड का विकास नहीं हो पाया। राजनीतिक अस्थिरता इसकी मूल वजह रही। वर्तमान सरकार ने पहले उस छवि को धोया। पिछले साढ़े चार साल से झारखंड में विकास जिस तेजी से हो रहा है, उससे यहां निवेश का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। विधि व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नक्सल समस्या खात्मे की ओर है। इसका सारा श्रेय रघुवर सरकार के प्रयास और विकास कार्यों को जाता है। गुरुवार को पीएम जब रांची आयेंगे, तो झारखंड को कई और सौगात मिलने की संभावना है। सीएम रघुवर दास अथक प्रयासों से राज्य को ऊपरी पायदान पर ले जाना चाहते हैं। वह बार-बार यह चर्चा भी करते हैं कि झारखंड को देश और दुनिया के बेहतरीन राज्यों में शुमार करना उनका उद्देश्य है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version