रांची। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के नेतृत्व में गुरुवार को रिम्स पहुंची टीम को सुरक्षा में तैनात जवानों ने रोक दिया। दरसअल, सीमा पात्रा कांड की पीड़िता सुनीता खाखा रिम्स के सर्जरी विभाग में भर्ती है। बीते दो दिनों से यह मामला सियासी रंग ले चुका है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता सुनीता से मिलने के साथ बयानबाजी भी कर रहे हैं। नेताओं की भीड़ की वजह से वार्ड में इलाजरत अन्य मरीजों को परेशानी हो रही है। जिसके बाद सुनीता की सुरक्षा को बढ़ाते हुए अतिरिक्त जवानों को तैनात कर दिया गया है। ऐसे में बीजेपी महिला मोर्चा की टीम को तैनात जवानों ने मिलने से रोक दिया। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने स्थानीय बरियातू थाना और एसएसपी से बात की। जिसके बाद एक व्यक्ति को सुनीता से मिलने की अनुमति दी गयी। मामले को लेकर आरती कुजूर ने सत्ता पक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग घंटों रह कर सुनीता से बात कर रहे हैं, लेकिन हम उसके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए जब पहुंचते हैं, तो हमलोगों को रोक दिया जाता है। मैंने वीडियो और फोटो देखा है। सुनीता के पास सत्ता पक्ष के लोग बारात लेकर आए थे। महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष का पद खाली होने पर आरती कुजूर ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे में समझा जा सकता है कि झारखंड में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति सरकार कितनी सजग है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version