हेमंत के गढ़ में अमित शाह आज भरेंगे हुंकार
-भोगनाडीह में सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर करेंगे माल्यार्पण
-झारखंड धाम में शिव मंदिर में करेंगे दर्शन
-दोनों जगहों पर तैयारी अंतिम चरण में
आजाद सिपाही संवाददाता
साबिहगंज/गिरिडीह। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गढ़ माने जानेवाले संथाल के इलाके में अमित शाह हुंकार भरेंगे। वह भाजपा की संथाल परगना और धनबाद प्रमंडल में परिवर्तन यात्रा की शुरूआत करेंगे। साहिबगंज और झारखंड धाम में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही भोगनाडीह में सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण और झारखंड धाम में शिव मंदिर में दर्शन का भी कार्यक्रम है। उनके आगमन की तैयारी को प्रशासनिक और पार्टी के स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, परिवर्तन यात्रा के संयोजक सांसद दीपक प्रकाश और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी सह असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने तैयारियों का जायजा लिया है। इससे पहले बाबूलाल और दीपक प्रकाश ने लगातार वहां का दौरा किया।

11 बजे पहुंचेगें भोगनाडीह:
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित शाह शुक्रवार सुबह देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह साहिबगंज जायेंगे। सबसे पहले केंद्रीय गृह मंत्री साहिबगंज जिले के भोगनाडीह में अमर शहीद सिदो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह 12 बजे पहुंचेंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.30 बजे साहिबगंज जिला के पुलिस लाइन मैदान पहुंचेंगे। वहां वह पार्टी की ‘संताल परगना परिवर्तन यात्रा’ का शुभारंभ करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह गिरिडीह से लिए प्रस्थान कर जायेंगे।

3 बजे पहुंचेंगे झारखंड धाम:
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री शाम 3 बजे गिरिडीह जिला के जमुआ में झारखंड धाम पहुंचेंगे। यहां पहले वह शिव मंदर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वहीं पर धनबाद प्रमंडल क्षेत्र के लिए परिवर्तन यात्रा की शुरूआत करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

आगमन को लेकर तैयारी अंतिम चरण में:
केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और पार्टी स्तर पर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी समेत प्रदेश के तमाम नेता लगातार दोनों जगहों का दौरा कर रहे हैं और तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। प्रसानकि स्तर पर दोनों जगहों पर विशेष सुरक्षा की व्यवस्था की गयी है। अमित शाह जहां-जहां जायेंगे, वहां का अधिकारियों ने निरीक्षण किया है। सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त किया गया है। सभास्थल पर मंच और पंडाल बन कर तैयार हो गया है। आसपास के क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता और अन्य लोगों के भारी संख्या में जुटने की उम्मीद जतायी जा रही है। पार्टी द्वारा आयोजन स्थल पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसकी व्यवस्था की गयी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version