-एयरपोर्ट पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
-नामकुम में आइसीएआर के शताब्दी समारोह में आज होंगी शामिल
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार शाम विशेष विमान से रांची पहुंचीं। हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया गया। वहां राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह राजभवन के लिए रवाना हो गयीं। राष्ट्रपति शुक्रवार को नामकुम स्थित राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान (आइसीएआर) के 100 वर्ष पूरा होने पर आयोजित समारोह में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति हवाई अड्डा से एचइसी गेट, हरमू बाइपास और रातू रोड होते हुए राजभवन पहुंचीं। वह राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। शुक्रवार सुबह 11 बजे से शुरू होनेवाले आइसीएआर के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति कार्यक्रम में शामिल होने से पहले शुक्रवार को राजभवन परिसर में बनाये गये भव्य मूर्ति गार्डन का शुभारंभ करेंगी। राजभवन के इस मूर्ति गार्डन में स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले झारखंड के शहीदों की कांसे की प्रतिमाएं स्थापित की गयी है। स्मृति गार्डन में शहीदों की जो प्रतिमा लगायी गयी है, उनमें नीलांबर पीतांबर, तेलंगा खड़िया, गया मुंडा, वीर बुधु भगत, सिदो-कान्हू, टाना जतरा भगत, दिवा किशुन, अल्बर्ट एक्का के साथ ही साथ स्वामी विवेकानंद भी हैं। खास बात यह है कि बतौर झारखंड की राज्यपाल रहते इस गार्डन की परिकल्पना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ही की थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version