113195 आवासों का आवंटन
प्रत्येक लाभुक को मिलेंगे दो-दो लाख रुपए, रांची को मिले 6410 आवास
रांची। केंद्र सरकार ने करीब तीन साल बाद चुनावी वर्ष में झारखंड को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से आवासों का आवंटन किया है। केंद्रीय कैबिनेट में हुए फैसले में पूरे देश में तीन करोड़ पीएम आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके मद्देनजर अन्य राज्यों के साथ-साथ झारखंड को भी पीएम आवास आवंटित किये गये हैं। केंद्र सरकार ने झारखंड को 113195 आवास बनाने का लक्ष्य दिया है। इस संबंध में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने झारखंड को आवंटन आदेश दिया है। सबसे अधिक पलामू, गढ़वा, गिरिडीह और रांची जिले को आवास आवंटित हुए हैं। सबसे कम आवास निर्माण का लक्ष्य कोडरमा व खूंटी जिले को मिला है। लक्ष्य प्राप्त होते ही ग्रामीण विकास विभाग योग्य लाभुक के चयन की प्रक्रिया फिर से प्रारंभ करेगा। प्रत्येक लाभुक को आवास बनाने के लिए दो- दो लाख रुपये की राशि आवंटित की जाएगी।

झारखंड सरकार ने केंद्र को 10 लाख लाभुकों की लिस्ट तैयार कर भेजी थी
उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार ने 2020-21 में ही 10 लाख लाभुकों की लिस्ट तैयार करके केंद्र सरकार के पास भेजी थी। केंद्र ने समीक्षा करने के बाद दो लाख अयोग्य लाभुकों के नाम लिस्ट से काट दिए थे। इसके बाद आठ लाख लाभुकों को आवास देने की मांग हुई। केंद्र ने शर्त लगाई कि पहले लंबित आवासों को पूरा करें, इसके बाद ही नए आवास आवंटित होंगे। हालांकि, राज्य सरकार ने दो लाख से अधिक लंबित आवासों को बनाने का काम तेजी से किया, पर अभी 33 हजार आवास पेडिंग हैं।

जरुरत के हिसाब से झारखंड को बेहद कम आवासों का आवंटन मिला
इस बीच सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह गरीबों को आवास से वंचित कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री अबुआ आवास योजना शुरू कर दी। जिसमें तीन कमरों का पक्का मकान बनाने के लिए दो लाख रुपए देने की स्वीकृति दी गयी। पहले चरण में आठ लाख लाभुकों का चयन हुआ, जिसके विरुद्ध दो लाख आवासों का आवंटन हुआ है। हालांकि, बाद में आवास देने का लक्ष्य 20 लाख तक पहुंच गया है। अब केंद्र सरकार ने भी पीएम आवास स्वीकृत कर दिया है। इधर सूत्रों ने कहा कि जरुरत के हिसाब से झारखंड राज्य को बेहद कम आवासों का आवंटन मिला है। राज्य सरकार पहले ही अबुआ आवास योजना के जरिये गरीबों को पक्का घर उपलब्ध करवा रही है।

इन जिलों को मिले इतने आवास
जिला लक्ष्य
पलामू 12916
सरायकेला 6195
गढ़वा 9097
लातेहार 4232
पाकुड़ 2786
बोकारो 4431
देवघर 3720
चतरा 5704
धनबाद 5295
दुमका 3977
पूर्वी सिंहभूम 1965
गिरिडीह 8599
गोड्डा 1575
गुमला 3177
हजारीबाग 5614
जामताड़ा 4907
खूंटी 1603
कोडरमा 1143
लोहरदगा 4023
रामगढ़ 2309
रांची 6410
साहिबगंज 5154
सिमडेगा 3158
पश्चिम सिंहभूम 5205
कुल 113195

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version