तोरपा और बरही में भाजपा की परिवर्तन सभा
-घुसपैठियों ने सबसे ज्यादा तबाह किया है आदिवासियों को
-नौजवानों का पांच साल बर्बाद, नौकरी के नाम पर मिली मौत
तोरपा/ बरही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को तोरपा और बरही में परिवर्तन यात्रा के दौरान झारखंड की जनता से परिवर्तन की अपील की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी मिल कर सरकार चला रही है, लेकिन पिछले पांच वर्षों में उन्हें जो काम करना चाहिए था, वह नहीं किया। इसके बजाय, ये लोग केवल अपने लिए कमाई करने में लगे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सांसद के घर से 350 करोड़ रुपये की रकम बरामद हुई है और एक मंत्री के सचिव के नौकर के घर से 35 करोड़ रुपये मिले हैं। यह पैसा झारखंड की जनता का लूटा हुआ धन है। पूरे पांच साल तक इस सरकार ने झारखंड के लोगों को लूटा है। श्री मरांडी ने कहा कि एक समय झारखंड के लोग राशन और केरोसिन तेल पाने के लिए संघर्ष करते थे। लेकिन जब भाजपा और नरेंद्र मोदी की सरकार बनी, तब देश के साथ-साथ झारखंड में भी बिजली पहुंचायी गयी। उन्होंने कहा कि जब राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी, तो रांची और देश की राजधानी की तरह झारखंड के गांव-गांव में बिजली और सभी सुविधाएं प्रदान की जायेंगी। उन्होंने आगे कहा कि यहां के लोगों को घर बनाने में कठिनाई होती है। जब झारखंड बना था, तब बालू मुफ्त मिलता था, लेकिन अब बालू भी लूटा जा रहा है। हेमंत सोरेन जल, जंगल, जमीन की बात करते हैं, लेकिन इस सरकार ने सेना की जमीन को भी नहीं छोड़ा। इस सरकार ने केवल पांच सालों तक लूट की है। आज झारखंड में रोटी, बेटी और माटी पर संकट है। हमें इसे बचाना है, इसलिए हमें परिवर्तन लाना है।
घुसपैठियों को बाहर करेंगे
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लाखों की संख्या में घुसपैठिए झारखंड में आ चुके हैं। पिछले पांच वर्षों में इनकी संख्या सबसे ज्यादा बढ़ी है, जिससे झारखंड के आदिवासियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। भाजपा की सरकार बनते ही हम घुसपैठियों को ढूंढ़ कर बाहर करेंगे।
उन्होंने हेमंत सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने गरीबों को साल में 72 हजार रुपये देने का वादा किया था। बहनों के लिए चूल्हा खर्च में 2000 रुपये देने का वादा किया और सरकार बनायी। लड़कियों की शादी के लिए सोने के सिक्के देने का वादा किया, लेकिन आज न सोना मिला और न ही चांदी का सिक्का।
जॉब तो दिया नहीं, मौत दे दी
श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड के नौजवानों का पांच साल बर्बाद हुआ है। इसका जवाब कौन देगा? हेमंत सोरेन ने कसम खायी थी कि पांच लाख युवाओं को नौकरी देंगे, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। जॉब के नाम पर पुलिस भर्ती में युवकों को दौड़ाया गया, जिससे उनकी मौत हो गयी। युवाओं को जॉब नहीं मिली, बल्कि मौत मिली।
भाजपा की सरकार में रोटी, बेटी और माटी सब सुरक्षित
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर जल, जंगल, जमीन और रोटी, बेटी और माटी सब सुरक्षित रहेंगे। विकास लगातार होगा। भाजपा को जनता का साथ मिलेगा, तो झारखंड का विकास होगा। समय पर परीक्षा होगी, समय पर रिजल्ट आयेगा, और जितने भी खाली पद हैं, उनमें भर्ती भी होगी।