झारखंड में घुसपैठियों का कब्जा, बेटी, रोटी, माटी पर संकट
-झारखंड की जमीन से बेदखल हो रहे हैं आदिवासी, भाजपा ही करेगी सुरक्षा
-जेएमएम का मतलब जुर्म, मर्डर और माफिया
-लाडली योजना की तर्ज पर बहनों को मिलेगा दोगुना पैसा, भाजपा का वादा
गोड्डा। गोड्डा के गांधी मैदान में परिवर्तन यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड में गठबंधन की बेईमान सरकार चल रही है। जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने पांच साल में झारखंड को तबाह कर दिया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में न माटी सुरक्षित है और न बेटी, और रोटी। बड़ी संख्या में घुसपैठियों के आने से झारखंड की जमीन पर कब्जा हो रहा है, क्या झारखंडी इसे सहन करेंगे? हेमंत सरकार वोटों के लालच में घुसपैठियों को आधार कार्ड और वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवा रही है, यही है हेमंत सरकार का असली सच। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले झारखंड में 44 प्रतिशत आदिवासी थे, अब केवल 28 प्रतिशत बचे हैं।

बांग्लादेशी घुसपैठिये छल-कपट से यहां की बेटियों से शादी कर सत्ता पर काबिज हो रहे हैं। रुबिका पहाड़िन जैसी बेटियों को बर्बरता से मारा जा रहा है। क्या इससे झारखंडियों का खून नहीं खौलता? अगर इसी तरह चलता रहा, तो 15-20 सालों में झारखंडी अपनी जमीन से बेदखल हो जायेंगे। भाजपा का संकल्प है कि झारखंड की माटी, बेटी और रोटी की सुरक्षा की जायेगी। शिवराज सिंह चौहान ने सरकार की विफलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि हेमंत सोरेन ने पांच लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था, लेकिन क्या झारखंड के युवाओं को नौकरी मिली? इस सरकार ने युवाओं को वर्दी के बजाय कफन दिया। परीक्षा के नाम पर इंटरनेट बंद करके पेपर लीक नहीं होने देने का दावा किया, जबकि लीक तो सरकार के दलाल कर रहे थे। भाजपा की सरकार बनते ही दो लाख 87 हजार खाली पदों पर नियुक्ति की जायेगी। कैलेंडर बनायेंगे और पहले महीने की 21 तारीख को यहां के युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। चुनाव नजदीक आते ही हेमंत सोरेन को ‘मंईयां सम्मान योजना’ याद आयी। इससे पहले उन्होंने 2,000 रुपये चूल्हा खर्च देने का वादा किया था, लेकिन 4 साल 10 महीने बाद भी किसी को कुछ नहीं मिला। भाजपा की सरकार बनने पर बहनों के खाते में दोगुना पैसा जायेगा और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जायेगा, जैसा कि मध्यप्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में ‘लाडली योजना’ के तहत किया जा रहा है। उन्होंने जेएमएम का मतलब बताते हुए कहा कि ‘ज’ से जुर्म, ‘म’ से मर्डर, और ‘म’ से माफिया। यह सरकार लूट की सरकार है, जहां इनके नेताओं के घर से करोड़ों रुपये बरामद हो रहे हैं। यह पैसा जनता की मेहनत की कमाई का है। अगर इसे बचाना है तो हेमंत सरकार को हटाना होगा।

शिवराज सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि हेमंत सरकार कई लालच दे रही है। 1 हजार रुपया देंगे, यह कर देंगे, वह कर देंगे। इनकी लालच में नहीं आना है। हेमंत सोरेन आयेगा, दाना डालेगा, जाल बिछायेगा, लेकिन अब फंसना नहीं है इसके जाल में। फंसोगे तो फड़फड़ाते रह जाओगे। आज भाजपा परिवर्तन यात्रा के माध्यम से झारखंड को बचाने, यहां की माटी, बेटी, और रोटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा झारखंडियों की जिंदगी और तकदीर बदलेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version