साहिबगंज। राजमहल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करमा पूजा के करम डाल विसर्जन करने के दौरान तेंनवा नाला नदी में चार बच्चियां डूब गयीं। तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एक बच्ची की मौत हो गयी।
बताया जाता है कि राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत टेकबथान गांव निवासी मुकेश यादव की नौ वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी एवं रिया कुमारी (12) चचेरी बहन विकास यादव की पुत्री सोनाक्षी कुमारी(10) तथा प्रदीप यादव पुत्री चांदनी कुमारी (9) के साथ रविवार की सुबह करीब पांच बजे गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर डेढ़गामा-टेकबथान गांव के बीच बने तेंदुवा नाला (नदी) में करमा पूजा समाप्ति की झुंड (घांस) अन्य सामग्री का विसर्जन करने गयी थीं। विसर्जन करने के दौरान चारों बच्चियां डूबने लगीं।
बगल में मछली मार रहे डेढ़गामा गांव निवासी संजय मंडल ने देखा कि कुछ बच्चियां डूब रहीं हैं। संजय मंडल ने अकेले ही तेंनुवा नाला नदी में छलांग मार कर जैसे-तैसे एक-एक कर तीन बच्चियों को बाहर निकाला। तीनों बच्ची घबरायी हुई, सहमी हुई थीं। लगभग 10 मिनट के बाद मुकेश यादव की 11 वर्षीय दूसरी पुत्री रिया कुमारी ने कहा कि मेरी छोटी बहन प्रियंका कुमारी नदी में रह गयी है। यह कहते हुए तीनों बच्ची चिल्लाते हुए रोने लगीं और कहने लगीं, मेरी बहन डूबी हुई है। कोई उनको बचाओ।
इतने में ही परिजनों के साथ दोनों गांव के सैकड़ों लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गश्र। दोनों गांव के ग्रामीण और परिजन ने मछली मारनेवाले जाल और अन्य सामग्रियों से खोजबीन करना शुरू की। लगभग तीन घंटे के बाद आठ बजे बच्ची को बाहर निकाला गया। जांच करने के बाद डॉ उदय कुमार टुडू ने बच्ची प्रियंका कुमारी (9)को मृत घोषित किया।