रांची। झारखंड हाइकोर्ट में रामगढ़ जिले के बरकाकाना रेलवे कॉलोनी में घुस कर 17 अगस्त 2019 की रात परिवार के तीन लोगों की गोली मार कर हत्या और दो लोगों को जख्मी करने के मामले में फांसी की सजा पाये अभियुक्त पवन कुमार सिंह की सजा के खिलाफ क्रिमिनल अपील एवं राज्य सरकार द्वारा फांसी को कंफर्म करनेवाली अपील की सुनवाई हुई। मामले में हाइकोर्ट की खंडपीठ ने फैसला सुरक्षित रख लिया।

सीआरपीएफ जवान पवन कुमार सिंह को रामगढ़ के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 16 मार्च, 2023 को सजा सुनायी थी। अदालत ने पवन को धारा 302 के तहत फांसी की सजा सुनायी। इसके साथ धारा 307 में 10 साल कारावास और आर्म्स एक्ट में सात साल कारावास की सजा के साथ दोनों ही धाराओं में 10-10 हजार का जुर्माना भी लगाया था। मामले में पूर्व डीएसपी संजीव कुमार बेसरा और मेदांता के चिकित्सक के अलावे सभी 16 लोगों की गवाही हुई थी।

आरपीएफ जवान रहे पवन कुमार सिंह रोज रेल कर्मी अशोक राम के घर से दूध लेने आता था। 17 अगस्त, 2019 की रात 9:00 बजे वह अशोक राम के घर दूध लेने गया था। विवाद होने पर उसने अशोक राम समेत परिवार के पांच लोगों को गोली मार दी थी। गोली लगने से अशोक राम और उसकी पत्नी लीला देवी और उनकी गर्भवती पुत्री वर्षा देवी उर्फ मीना देवी की मौत हो गयी थी, जबकि बेटी सुमन देवी तथा पुत्र संजय राम गंभीर रूप से घायल हो गये थे। घटना को अंजाम देने के बाद जवान आरपीएफ के बैरक में गया था। हत्या में इस्तेमाल की गयी सरकारी पिस्टल को वह बैरक में ही छोड़ कर भाग गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त उसके हथियार को बरामद कर लिया था। घटना के बाद से वह फरार था। 21 मार्च, 2020 को पुलिस ने उसे बिहार के भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version