काठमांडू में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच होटल में सुरक्षित हैं रोट्रेक्ट क्लब के सदस्य
रांची/काठमांडू। नेपाल में इन दिनों जारी हिंसक आंदोलन के कारण स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है। राजधानी काठमांडू समेत कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शनों ने उग्र रूप ले लिया है। इसी बीच रांची के 12 लोग नेपाल में फंस गए हैं, जो एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग रोट्रेक्ट क्लब ऑफ जीनिया के सदस्य हैं और 9 सितंबर को नेपाल पहुंचे थे।

क्लब की पूर्व अध्यक्ष सलोनी अरोड़ा ने बताया कि नेपाल में 11 और 12 सितंबर को क्लब का कार्यक्रम निर्धारित था, जिसमें शामिल होने के लिए सदस्य पहले ही पर्यटन के उद्देश्य से नेपाल रवाना हुए थे। लेकिन तभी वहां पर अचानक राजनीतिक अस्थिरता और हिंसक आंदोलन भड़क उठे, जिससे सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

होटल में कर्फ्यू के बीच कैद हैं लोग

सलोनी ने बताया कि नेपाल आर्मी ने बुधवार सुबह से हालात को काबू में लेने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। रांची से गए सभी सदस्य एक होटल में सुरक्षित हैं, लेकिन उन्हें होटल से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। कर्फ्यू की स्थिति को देखते हुए होटल प्रशासन ने भी सतर्कता बरती है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सलोनी ने यह भी कहा कि वह स्वयं भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की योजना बना रही थीं, लेकिन अंतिम समय में यात्रा टल जाने के कारण नेपाल नहीं जा सकीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थिति सामान्य होगी और सभी लोग सकुशल घर लौट सकेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version