ब्रासीलिया। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को 2022 में चुनाव को पलटने की साजिश रचने के मामले में 27 साल 3 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। यह फैसला ब्राजील के उच्चतम न्यायालय ने सुनाया, जहां पांच में से चार न्यायाधीशों ने उन्हें दोषी करार दिया। साजिश में अदालतों को भंग करने, सेना को सत्ता सौंपने और निर्वाचित राष्ट्रपति की हत्या जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

दुनिया भर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि ब्राजील के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को तख्तापलट के प्रयास के लिए इतनी कठोर सजा मिली है। बोल्सोनारो के साथ-साथ तत्कालीन रक्षा मंत्री, नौसेना प्रमुख और सात अन्य लोगों को भी दोषी पाया गया है।

इस फैसले से अमेरिका और ब्राजील के बीच संबंधों में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले पर निराशा जताते हुए कहा, “मैं बोल्सोनारो को जानता हूं, यह ब्राजील के लिए बहुत बुरा फैसला है।” ट्रंप पहले भी कई बार बोल्सोनारो के खिलाफ आरोपों को वापस लेने की अपील कर चुके थे।

ब्राजील ने अमेरिका के दबाव को नजरअंदाज करते हुए न्यायिक प्रक्रिया को पूरा किया। ट्रंप प्रशासन ने ब्राजील पर 50% टैरिफ लगाया और जजों पर प्रतिबंध भी लगाए, लेकिन ब्राजील की न्यायपालिका अडिग रही।

बोल्सोनारो के वकील पाउलो कुन्हा ब्यूनो ने कहा कि यह एक राजनीतिक फैसला है और उनके मुवक्किल का कभी तख्तापलट का इरादा नहीं था। वहीं, बोल्सोनारो खुद सभी आरोपों से इनकार कर रहे हैं।

बोल्सोनारो 2018 में भ्रष्टाचार और अपराध विरोधी लहर के बीच सत्ता में आए थे। वे अक्सर सैन्य शासन की प्रशंसा करते रहे हैं और अमेरिका के ट्रंप की तर्ज पर दक्षिणपंथी राजनीति के प्रमुख चेहरा माने जाते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version