रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से बारिश रुकी है, लेकिन बारिश के रुकते हैं गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि, दोपहर बाद हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज राज्य में कहींं हल्की, तो कही मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान मध्यम दर्जे की हवा ( 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से) चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
झारखंड में इन दिनों दिन में भारी गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि देर रात में लोगों को ठंड भी महसूस हो रही है। कभी बारिश तो कभी गर्मी के चलते लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं। यही वजह है कि राजधानी रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) और सदर अस्पताल सहित कई अन्य अस्पतालों में भी मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग वायरल फीवर, टाइफाइड, मलेरिया, कफजनीत खांसी सहित अन्य तकलीफें लेकर पहुंच रहे हैं।
रांची और आसपास के इलाकों में रविवार को सुबर से ही धूप-छांव का खेल जारी है। सुबह से धूप खिली हुई है। लेकिन बीच-बीच में बादल भी छाए रहे। इससे भारी गर्मी और उमस महसूस की जा रही है। रांची में अधिकतम 97 प्रतिशत उमस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में और सबसे कम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया। रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री जमशेदपुर में 33 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.2 डिग्री, बोकारो में 35.5, चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।