रांची रैली में पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सौंपा ज्ञापन
रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा, झारखंड प्रदेश का एक शिष्टमंडल राजभवन में मिला। शिष्टमंडल ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें 1 सितंबर 2025 को रांची में आयोजित महिला मोर्चा की शांतिपूर्ण रैली पर पुलिस कार्रवाई का उल्लेख किया गया।
अभद्र टिप्पणी के विरोध में निकाली थी रैली
ज्ञापन में कहा गया कि यह रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माताजी पर की गयी अभद्र टिप्पणी के विरोध में आयोजित की गयी थी। महिला कार्यकर्ता जब लोकतांत्रिक ढंग से कांग्रेस भवन, रांची का घेराव करने जा रही थीं, तभी पुलिस प्रशासन द्वारा बल प्रयोग किया गया।
पुरुष पुलिसकर्मियों पर आरोप
ज्ञापन में यह आरोप लगाया गया कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की और लाठीचार्ज किया, जिससे कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गयीं। भाजपा महिला मोर्चा के शिष्टमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इस घटना की उच्चस्तरीय जांच करायी जाये। दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाये।