रांची/लातेहार: झारखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। बुधवार को सबसे अधिक बारिश लातेहार जिले के सरयू क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई, जहां 75 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दी है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 15 सितंबर तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवा (30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार) और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन तेज धूप और भारी उमस लोगों को परेशान करती रही। रांची में अधिकतम उमस 93 प्रतिशत दर्ज की गई।

राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान कुछ इस प्रकार रहा: रांची 33°C, जमशेदपुर 33.8°C, डाल्टनगंज 34.2°C, बोकारो 36.1°C और चाईबासा में 35.8°C।

गौरतलब है कि जून से अब तक झारखंड में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में जहां सामान्य रूप से 873.8 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार अब तक 1049.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो 20 प्रतिशत अधिक है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version