रांची। झारखंड की राजधानी रांची में शारदीय नवरात्र की रौनक धीरे-धीरे चरम पर पहुंच रही है। 22 सितंबर को कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की उपासना का नौ दिवसीय पर्व शुरू होगा।

दुर्गा पूजा को लेकर शहर के अलग-अलग जगहों पर पंडाल निर्माण का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। इसी क्रम में नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति लोअर चुटिया में इस बार भी भव्य पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल से आए 25 से ज्यादा कारीगर पंडाल को अंतिम रूप देने में दिन रात जुटे हुए है। 50 प्रतिशत से ज्यादा पंडाल का निर्माण हो चुका है। समिति के संरक्षक राजकुमार महतो ने शनिवार को बताया कि इस बार पंडाल की थीम है कि मां दुर्गा नाव पर सवार दिखेंगी। इस प्रारूप का निर्माण बांस और हुगला पत्ता से किया जा रहा है। पंडाल पूरी तरह से ईको फ्रेंडली होगा। पूजा आयोजन में लगभग 15 लाख रुपये से ज्यादा के खर्च का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि पंडाल निर्माण में आठ लाख, प्रतिमा में 81हजार, साउंड में एक लाख, भोग भंडारा में दो लाख, अन्य खर्च 3.2 लाख कुल खर्च 15 लाख रुपये आएगा। उन्होंने बताया कि पंडाल की ऊंचाई 50 फीट, चौड़ाई 70 फीट और लंबाई 80 फीट होगी।

उन्होंने बताया कि मां भवानी की प्रतिमा का निर्माण कोलकाता के हुगली निवासी कार्तिक चित्रकार कर रहे हैं। मां दुर्गा महिषासुर का वध करते हुए नजर आएंगी। मूर्ति की ऊंचाई 14 फीट और चौड़ाई 18 फिट होगी। मूर्ति भी इको-फ्रेंडली रहेगी। कपड़ा और श्रृंगार भी मिट्टी से ही बने होंगे। विधिवत्त पूजा होगी। 28 सितंबर को शाम में पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा। पूजा के दौरान आरती के बाद भोग का वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पूजा को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मिथिलेश गोप, राधेश्याम केसरी, प्रमोद गोप, छत्रधारी महतो, अरविंद महतो, संजय प्रसाद, मनोज गोप, गोपाल ठाकुर, दीपक प्रसाद, प्रदीप चौधरी, रवि गोप सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version