वाशिंगटन: भारतीय अमेरिकियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन की प्रचार मुहिम के लिए कम से कम एक करोड़ डॉलर एकत्र किए हैं।
प्रचार मुहिम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि केवल दो भारतीय अमेरिकियों मैरीलैंड निवासी समाज सेवक फ्रैंक इस्लाम और कैलिफोर्निया की शेफाली राजदान दुग्गल ने ही हिलेरी की राष्ट्रपति पद की मुहिम के लिए 10 लाख डॉलर एकत्र करने में मदद की है। उल्लेखनीय है कि ‘हिलेरी कैंपेन’ फंड की बड़ी राशि मुहैया कराने वालों और उनके द्वारा एकत्र की गई राशि की विस्तृत जानकारी नहीं देती हैं।
प्रचार मुहिम का एक समूह है जिसका नाम ‘हिलब्लेजर्स’ है जिसमें उन लोगों की सूची है जिन्होंने 12 अप्रैल, 2015 को ऐतिहासिक प्रचार मुहिम की शुरूआत के बाद से हिलेरी फॉर अमेरिका, हिलेरी विक्ट्री फंड और द हिलेरी एक्शन फंड के लिए एक लाख डॉलर या अधिक राशि का योगदान दिया है या एकत्र करने में मदद की है।
क्लिंटन कैंपेन ने हिलब्लेजर्स की जो ताजा सूची जारी की है, उसमें 30 से अधिक भारतीय अमेरिकी हैं जिनमें से प्रत्येक ने कम से कम एक लाख डॉलर की न्यूनतम राशि एकत्र की है। हालांकि प्रचार मुहिम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ऐसा कहा जा रहा है कि इन भारतीय अमेरिकियों ने इससे भी अधिक राशि एकत्र की है। ऐसा भी माना जा रहा है कि फंड एकत्र करने के मामले में प्रभावशाली इस्राइली अमेरिकी समुदाय के बाद भारतीय अमेरिकी दूसरे नंबर पर हैं।
इस महीने के शुरूआती 19 दिनों में हिलेरी के प्रचार अभियान ने 10.1 करोड़ डॉलर जुटाए हैं और 8 नवंबर को होने वाले आम चुनाव से कुछ हफ्ते पहले उनके पास कुल 15.3 करोड़ डॉलर हैं। एक विज्ञप्ति के मुताबिक हिलेरी फॉर अमेरिका (एचएफए), दी हिलेरी विक्टरी फंड (एचवीएफ) और हिलेरी एक्शन फंड (एचएएफ) ने एक अक्तूबर से 19 अक्तूबर तक की अपनी चुनाव पूर्व संघीय चुनाव आयोग रिपोर्ट में बताया है कि इस दौरान उन्होंने 10.1 करोड़ डॉलर जुटाए हैं और प्रचार के अंतिम हफ्तों की शुरूआत में उनके पास कुल 15.3 करोड़ डॉलर की राशि है। एचएफए को 7,74,000 लोगों ने 11 लाख से ज्यादा का चंदा दिया है और औसत चंदा महज 50 डॉलर है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रचार अभियान को अब तक करीब 28 लाख लोगों ने चंदा दिया है।