रांची। दो दिन के दौरे पर झारखंड आये गुजरात के राजस्व मंत्री कौशिक पटेल ने कहा कि स्टैच्यू आॅफ यूनिटी में देश के सभी प्रदेशों का योगदान है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री विजयभाई रूपाणी ने सभी राज्यों में मंत्री के नेतृत्व में न्योता देने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सभी संगठनों, गुजराती समाज के प्रतिनिधियों को मिल कर स्टैच्यू आॅफ यूनिटी देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। वह सूचना भवन में सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मंत्री ने कहा कि झारखंड की सड़कें काफी अच्छी हैं। विधि-व्यवस्था दुरुस्त है। एक सवाल पर कहा कि गुजरात में बाहरियों के साथ मारपीट को लेकर सरकार भी चिंतित है। इस मामले की जांच करायी जा रही है। किसी भी दोषी को छोड़ा जायेगा। कहा कि अखंड भारत के शिल्पी सरदार वल्लभ भाई पटेल ने ब्रिटिश शासन के अंत के बाद 562 देसी रजवाड़ों को भारत में जोड़ कर अखंड भारत की रचना की। भारत के विभाजन के बाद पैदा हुई परिस्थिति में जरूरतमंद को आश्रय और सुरक्षा देकर अदभुत व्यवस्थापन का परिचय दिया था। ऐसे सरदार पटेल को संपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भारत और विदेशों के करोड़ों भारतीयों के सपने को साकार करने का बीड़ा गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उठाया था। वह सपना पूर्ण होनेवाला है।
भाजपा नेताओं को भी किया आमंत्रित: झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को गुजरात के राजस्व मंत्री कौशिक भाई पटेल और विधायक शंभू भाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश भाजपा के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रतिमा के अनावरण समारोह में आने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, विधायक नवीन जयसवाल, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने अमित शाह को दी जन्मदिन की बधाई: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने भी अमित शाह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। अमित शाह को बधाई देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष हेमलाल मुर्मू, विद्युतवरण महतो, उषा पांडेय, सत्येंद्र तिवारी, समीर उरांव, आदित्य साहू, प्रिया सिंह, प्रदीप वर्मा, प्रदेश महामंत्री सुनील कुमार सिंह, दीपक प्रकाश, अनंत ओझा, प्रदेश मंत्री नवीन जयसवाल, मुनेश्वर साहू, मनोज सिंह, सुबोध कुमार सिंह गुड्डू, नूतन तिवारी, सरिता श्रीवास्तव, प्रशिक्षण प्रमुख गणेश मिश्र आदि शामिल हैं।