आजसू को कोल्हान में केवल जुगसलाई सीट मिलेगी : गिलुवा

चक्रधरपुर। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने सहयोगी दल आजसू को नसीहत देते हुए कहा है कि फुटबॉल मैच में उमड़ी भीड़ को अपना ही समर्थक समझने की भूल आजसू ना करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार भी 2014 का फार्मूला ही अपनाया जायेगा और कोल्हान क्षेत्र में आजसू को एकमात्र सीट जुगसलाई ही मिलेगी। चक्रधरपुर और मझगांव सीट आजसू को देने का सवाल ही नहीं है। आजसू द्वारा कोल्हान की सभी सीटों पर दावा किया जाना सही नहीं है। गिलुवा ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उक्त बातें कहीं।  गिलुवा ने यह भी कहा कि आजसू के साथ गठबंधन राष्ट्रीय समिति के साथ हुआ है। राज्य की इसमें भूमिका नहीं है।

यह 2019 है, गिलुवा याद रखें, हालात बदल गये हैं : आजसू

रांची। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के बयान पर आजसू ने जवाबी हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि यह 2014 नहीं 2019 है। गिलुवा को याद रखना चाहिए कि तब के राजनीतिक हालात और हैसियत कुछ और थे, आज कुछ और। दोनों बदले हैं। गिलुवा का बयान गठबंधन की ट्यूनिंग से पहले का बयान है। राजग का कोई भी निर्णय सामूहिक बैठक के बाद लिया जायेगा। अभी इस बारे में दावे के साथ कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग पर अभी कोई भी बात नहीं हुई है। भाजपा और राजग के अन्य घटक दलों की बैठक में इस बारे में फार्मूला तय किया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version