आजाद सिपाही संवाददाता
चाईबासा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कोल्हान में अपनी जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को तांतनगर, कुमारडुंगी, जगन्नाथपुर और नोवामुंडी की जन सभाओं में झामुमो पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाप-बेटे ने राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभाला, लेकिन उन्होंने राज्यहित और आदिवासी हित में कोई काम नहीं किया। उन्होंने सिर्फ आदिवासियों को लूटा और अपना स्वार्थ साधा। सीएम ने झामुमो को मुद्रा मोचन पार्टी बताते हुए कहा कि सोरेन परिवार ने सीएनटी/एसपीटी एक्ट का उल्लंघन कर करोड़ों की जमीन औने-पौने दाम में आदिवासियों से ले ली। उन्होंने पूछा, गोला का रहने वाला सोरेन परिवार कैसे सीएनटी/एसपीटी एक्ट का उल्लंघन कर देवघर, दुमका, रांची, धनबाद, गालूडीह, बोकारो, पाकुड़िया समेत अन्य शहरों में करोड़ों की जमीन का मालिक बन गया। कहां से आया इतना रुपया। झामुमो दरअसल कंबल ओढ़ कर घी पी रहा है। रघुवर दास ने मधु कोड़ा को भी निशाने पर लिया और कहा कि जगन्नाथपुर के विधायक भी दो साल मुख्यमंत्री रहे, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया। सीएम ने लोगों से कहा कि आप मुझे बतायें वर्तमान सरकार ने कहां-कहां सीएनटी/एसपीटी एक्ट का उल्लंघन किया है।
आदिवासियों की नस्ल को बर्बाद किया झामुमो ने
झामुमो ने आदिवासियों को बरगला कर सिर्फ उनका शोषण किया। झामुमो ने आदिवासियों को वोट बैंक समझा। आदिवासियों को विकास से जुड़ने नहीं दिया। आदिवासी भाइयों को नशा करा-करा कर उनकी नस्ल को बर्बाद कर दिया। आदिवासी बहनों को विधवा बनाया। अब सरकार पर आदिवासी की जमीन छीनने का आरोप लगा रहा है। लोगों को इससे सजग होने की जरूरत है। आप झामुमो की राजनीति समझें और जेएमएम का चुनाव में सफाया कर दें।
पांच साल के काम का हिसाब देने आया हूं
रघुवर दास ने कहा, पिछले पांच साल में किये गये कार्यों का रिपोर्ट कार्ड देने आया हूं। 2014 से सरकार ईमानदारी के साथ जनहित में कार्य कर रही है। उसने जन आकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद से जनता की उम्मीदों को कांग्रेस और झामुमो धाराशायी करती रही। कांग्रेस ने राजनीतिक अस्थिरता बनाये रखने का काम किया। 14 साल में नौ मुख्यमंत्री बने और तीन बार राष्ट्रपति शासन लगा। इससे विकास पूरी तरह बाधित रहा, पर 2014 में भाजपा की मजबूत सरकार बनने के बाद तेजी से विकास हो रहा है। अब तेजी से विकास करने वाले राज्यों में झारखंड भी शामिल हो चुका है।
कांग्रेस-झामुमो ने भ्रष्टाचार की गंगा बहायी
सीएम ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो तथा अन्य झारखंड नामधारी दलों ने निर्दलीय मधु कोड़ा को मुख्यमंत्री बनाकर झारखंड को लूटा। चार हजार करोड़ का घोटाला हुआ। गरीबों की योजनाएं घोटाला और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयीं। कांग्रेस और झामुमो ने राज्य में भ्रष्टाचार की गंगा बहायी। ऐसे दलों को चुनाव में सबक सिखाने के लिए जनता को आगे आना होगा। कांग्रेस और झामुमो समेत सत्तालोलुप कुछ दल फिर से चुनाव की खातिर लूट का गठबंधन बना रहे हैं। ये दल सिर्फ किसी तरह सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं, ताकि झारखंड को लूट का चारागाह बना सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो के पास राज्य के विकास की कोई नीति नहीं है, जबकि भाजपा सिर्फ विकास की राजनीति करती है। कांग्रेस और झामुमो की तरह जाति, संप्रदाय, परिवार और वंशवाद की राजनीति से भाजपा कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि जिस तरह केंद्र और कई राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो गया, उसी तरह झारखंड में कांग्रेस का नामो-निशान नहीं रहेगा । झारखंड में कांग्रेस न तीन में है और न 13 में। कांग्रेस में कलह की स्थिति है। आपस में ये लड़ाई कर रहे हैं। ये कैसे झारखंड का विकास करेंगे। लोग इस बात को समझें और विधानसभा चुनाव में सोच-समझकर मतदान करें।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



