रांची। नेता प्रतिपक्ष और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर रघुवर सरकार को जनता जवाब देगी। अहंकारी सरकार को यह बताना चाहते हैं कि अब उनके दिन पूरे हो गये हैं। इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए झारखंड की जनता ने कमर कस ली है।
शनिवार को झामुमो की हरमू मैदान में आयोजित बदलाव महारैली में हेमंत सोरेन बोल रहे थे। हेमंत सोरेन ने कहा कि कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने पूरे राज्य को अस्त-व्यस्त कर दिया है। चाहे वह सरकारी कर्मचारी हों या किसान या फिर मजदूर, राज्य का हर वर्ग इस सरकार से परेशान है। राज्य में उद्योग-धंधे बंद हो रहे हैं और रोजगार के नाम पर लोगों का रोजगार छीना जा रहा है। यह सरकार बैंकों में रखे लोगों के रुपये भी लूट रही है। कार्यक्रम में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, पार्टी उपाध्यक्ष रूपी सोरेन, सुप्रियो भट्टाचार्य, विनोद पांडेय, राजमहल सांसद विजय हांसदा, लोबिन हेंब्रम, कुणाल षाडंÞगी, अमित महतो, आरके राय, डॉ तनुज खत्री समेत नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सरकार बनी, तो चार उपराजधानी बनायेंगे
हेमंत सोरेन ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यदि राज्य की झामुमो के नेतृत्व में सरकार बनती है, तो चार उपराजधानी बनायेंगे। इनमें से एक दुमका में पहले से ही है। इससे लोगों को कामकाज कराने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि घूसखोरी पूरे राज्य में चरम पर है। सरकार के पास पारा शिक्षकों को देने के लिए पैसे नहीं हैं पर विदेश में ऐश करने के लिए सरकार के पास पैसों की कोई कमी नहीं है। रैली में आजसू विधायक विकास मुंडा ने झामुमो की सदस्यता ली। इस अवसर पर हेमंत सोरेन ने पिंजरे में बंद 51 चिड़ियाओं को पिंजरे के कैद से मुक्ति दी और पार्टी के चिह्न से बंधा गुब्बारा उड़ाया।

बदलाव महारैली से हुआ बदलाव का आगाज : सुप्रियो भट्टाचार्य
रांची। झामुमो की बदलाव महारैली से राज्य में बदलाव का आगाज हुआ है। चुनाव के बाद झामुमो राज्य में आराम से सरकार बनायेगी और भाजपा डबल डिजिट में भी आ नहीं पायेगी। शनिवार को पार्टी की बदलाव महारैली में यह बातें पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहीं। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार के दिन पूरे हो चुके हैं। वहीं पार्टी के बुद्धिजीवी मोर्चा के अध्यक्ष डॉ जावेद अहमद ने कहा कि झारखंड में बदलाव की सख्त जरूरत है। भाजपा सरकार के शासनकाल में आदिवासी और मूलवासी छला हुआ महसूस कर रहे हैं। राज्य में झारखंडियों को नौकरी नहीं मिल रही और मिल भी रही है, तो बाहरियों को दी जा रही है।

65 प्लस का लक्ष्य भाजपा की जुमलेबाजी है।
महिलाओं को आरक्षण देने का वादा पूरा करेगी पार्टी: कार्यक्रम में पार्टी नेत्री महुआ माजी ने कहा कि यदि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में झामुमो की अगली सरकार बनती है, तो महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने का अपना वादा पार्टी पूरा करेगी। वहीं पार्टी नेता हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य के हर धर्म और वर्ग के लोगों के साथ है। राज्य में स्वीपर इलाज कर रहे हैं। लोगों की जमीन जबरदस्ती छीनी जा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुमन महतो ने कहा कि इस सरकार के शासनकाल में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। इस सरकार में जो भी अपने हक और अधिकार की बात करता है, उसे कुचल दिया जाता है। वहीं गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र महतो ने कहा कि बदलाव यात्रा से यह स्पष्ट हो चुका है कि राज्य की जनता बदलाव के मूड में है। इस राज्य को यदि हमें बचाना है, तो भाजपा को भगाना होगा। कार्यक्रम में पार्टी में शामिल हुए आजसू विधायक विकास मुंडा ने कहा कि राज्य की भाजपा और आजसू की सरकार डबल स्पीड से राज्य को बर्बाद कर रही है। इन दोनों पार्टियों ने झारखंडी अस्मिता पर गहरी चोट की है। झामुमो के रांची जिला उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि पार्टी की बदलाव रैली सफल रही। इसमें लाखों की भीड़ आयी। जितने लोग मैदान में थे, उससे अधिक लोग सड़कों पर थे। बदलाव महारैली से आनेवाले विधानसभा चुनावों में पार्टी को माइलेज मिलेगा। कार्यक्रम को बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा, लोबिन हेंब्रम, दीपक बिरुआ और अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में हिस्सा लेने पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन और उपाध्यक्ष रुपी सोरेन दो बजकर 56 मिनट पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे और शहीद वेदी को नमन कर मंच पर गये।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version