दुमका। तीन नवंबर को होने वाले मतदान से पहले भाजपा ने दुमका विधानसभा उपचुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सदर प्रखंड दुमका के मकरो में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार को किसान विरोधी बताया। कहा कि सरकार विधानसभा के पटल पर झूठ बोलती है। किसानों की कर्ज माफी को लेकर सरकार ने सदन में घोषणा की थी, लेकिन अब तक किसानों की कर्ज माफी नहीं हुई है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह सरकार झूठे वादे करके सत्ता पर काबिज हुई है। नौ महीना से ज्यादा समय सरकार बने हुए हो गया है, लेकिन हेमंत सरकार के पास गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है। बाबूलाल ने कहा कि राज्य की विधि-व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गयी है। अफसरशाही चरम पर है। थाने का दरोगा महिलाओं को सरेआम बेइज्जत करता है, लेकिन सरकार उसका कुछ नहीं कर पाती है। उन्होंने दुमका उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी को जीताने की अपील करते हुए कहा कि यह मौका है कि यहां के मतदाता बदला चुकता कर सकें। इसके अलावा बाबूलाल मरांडी ने मालभंडारो, पेलनीबांध समेत कई क्षेत्रों में चुनावी सभा को संबोधित कर मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में गोलबंद किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version