आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में खेल का माहौल बने, इसलिए पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा गांव और पंचायतों में खेल के मैदान और प्रखंड स्तर पर स्टेडियम बनाये जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि यहां की खेल प्रतिभाओं को इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से सामने लाएं और उन्हें प्रशिक्षण समेत अन्य सुविधाएं देकर बेहतर खिलाड़ी बना सकें। मुख्यमंत्री गुरुवार को अंडर-17 फीफा वर्ल्ड कप में भारतीय फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली झारखंड की खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान बोल रहे थे।
खेल पर सरकार का विशेष फोकस : मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के विकास पर सरकार का विशेष फोकस है। आने वाले दिनों में खिलाड़ियों को और भी कई खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हेमंत ने कहा कि खेल के क्षेत्र में उभर रहे प्रतिभावान बच्चे-बच्चियों के पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है।
खिलाड़ियों को दी बधाई, किया स्वागत : अंडर-17 फीफा वर्ल्ड कप में भारतीय फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली झारखंड की खिलाड़ी अस्टम उरांव, नीतू लिंडा, अंजली मुंडा, अनिता कुमारी, पूर्णिमा कुमारी और सुधा अंकिता तिर्की ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण और तैयारियों को लेकर सरकार द्वारा मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। भविष्य में राज्य और देश के लिए और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर इन खिलाड़ियों ने फीफा वर्ल्ड कप के अपने अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा भी किया।
उन्होंने बताया कि विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिला। उनसे हम सभी को काफी कुछ सीखने का मौका मिला। इससे हमें निश्चित तौर पर हमारा परफॉर्मेंस बेहतर होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक सरोजिनी लकड़ा, फुटबॉल कोच आनंद प्रसाद गोप और सोनी कुमारी मौजूद थीं।