आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी और झारखंड सरकार समन्वय समिति के सदस्य बंधु तिर्की ने अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में गुमला, लातेहार, पलामू तथा गढ़वा जिले के भुईंहर, भुईंहर मुंडा समुदाय को अनुसूचित जनजाति में अधिसूचित करने की बात कही है। पत्र में उन्होंने कहा है कि यह सोचनीय विषय है कि भुईंहर, भुईंहर मुंडा समुदाय को झारखंड अलग राज्य बनने के बाद से ही अंचल कार्यालयों से अत्यंत पिछड़ी जाति का जाति प्रमाण-पत्र निर्गत किया जाता है, जबकि अविभाजित बिहार में अनुसूचित जनजाति का प्रमाण-पत्र निर्गत किया जाता था। तिर्की ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से अनुरोध किया है कि भुईंहर, भुईंहर मुंडा समुदाय को मुंडा जनजाति में अधिसूचित कराने और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उन्हें अनुसूचित जनजाति का प्रमाण-पत्र निर्गत कराने के लिए आवश्यक कदम उठायें।