आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को डरा हुआ मुख्यमंत्री बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घबराहट में हैं। बजरंग बाण पढ़ रहे हैं। उनके खिलाफ लगे आरोपों और जांच एजेंसियों के बीच जारी प्रक्रिया के बीच जिस तरह वह खुद को आरोपित बता रहे हैं, वह उनके डर को जाहिर करता है। दीपक प्रकाश रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य भर में भाजपा के दबाव पर पंचायत चुनाव हुए। इसमें 51 फीसदी सीटों पर भाजपा समर्थित कार्यकर्ता, नेता जीत कर आये। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषदों में 10222 सीटों पर 5361 भाजपा कार्यकर्ता जीते। इस लिहाज से गांवों में भाजपा की सरकार है। साथ ही सत्ताधारी दलों की यह हार है। राज्य सरकार की असफलताओं के कारण भाजपा और जनता गांवों में जीती। अब भाजपा पंचायत प्रतिनिधियों को 18 अक्टूबर को हरमू मैदान, रांची में सम्मानित करेगी। इस मौके पर केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री कपिल मोरेश्वर पाटील भी उपस्थित रहेंगे। पार्टी के सभी सांसद, विधायक और पार्टी के सम्मानित नेता भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान सरकार के खिलाफ संघर्ष की योजना की घोषणा भी होगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रवक्ता अमित सिंह भी उपस्थित थे।