आजाद सिपाही संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में छठ पर्व के आयोजन को लेकर विधायक सरयू राय और पूर्व विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास खेमे में तनातनी हो गयी। दोनों के बीच जम कर मारपीट हो गयी है। इन दोनों गुटों के बीच हुई मारपीट में सरयू राय और रघुवर दास गुट के पांच लोग घायल हो गये हैं। मारपीट की घटना के बाद पुलिस फोर्स को वहां तैनात कर दिया गया है, फिर भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। दोनों गुटों की भिड़ंत में काफी तोड़फोड़ भी की गयी है, जिसके बाद प्रशासन सकते में पड़ गया है। बताया जाता है कि सरयू राय गुट के लोगों ने सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में छठ व्रतियों के लिए एक शिविर लगाया था, जो रघुवर दास गुट के कार्यक्रम स्थल से सटा हुआ था। इस दौरान काफी देर तक दोनों ओर से तनातनी होती चली गयी। बाद में अचानक से कुछ लोग अंदर आये और सरयू राय के तंबू को उखाड़ कर फेंक दिया। इसके बाद सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतांत्रिक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों पर हमला कर दिया गया। सरयू राय गुट के लोगों ने भी कार्रवाई की और मारपीट दोनों ओर से हो गयी, जिसमें कई लोग घायल हो गये। खुद सुबोध श्रीवास्तव घटना में घायल हो गये हैं।

रघुवर और सरयू राय गुट ने दिया था आवेदन, प्रशासन ने नहीं लिया फैसला
सूर्य मंदिर में गायिका का कार्यक्रम कराने के लिए रघुवर दास गुट की ओर से आवेदन दिया गया था। जमशेदपुर अक्षेस में विधायक सरयू राय के गुट का भी आवेदन था कि वे लोग चाहते हैं कि व्रतियों के रात में ठहराव का इंतजाम करें और शिविर लगाया जाये, लेकिन प्रशासन ने कोई फैसला नहीं लिया। इसके बाद दोनों गुट खुद से ही आयोजन कराने में लग गये। इस बीच सरयू राय गुट ने भी अपना तंबू लगा दिया। इसके बाद इस मामले ने विवाद का रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से तनातनी हो गयी और उसके बाद मारपीट। इस दौरान सरयू राय के कभी साथ रहे चंद्रगुप्त सिंह रघुवर दास गुट के साथ नजर आये।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version