आजाद सिपाही संवाददाता
चतरा। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव के समीप रविवार की दोपहर चाल धंसने से तीन बच्चियों की मौत हो गयी। वहीं दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गयी हैं। मृत सभी बच्चियां बिलासपुर गांव की रहने वाली थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घर में लोग दहाड़े मार-मार कर रो रहे हैं। हर कोई सदमे में है। प्रतापपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक लव कुमार ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस निरीक्षक लव कुमार ने बताया कि हादसे के बाद दो बच्चियों को किसी तरह से निकाल कर उपचार के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा गया है। उनका इलाज चज रहा है। दोनों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। जरूरत पड़ने पर उन्हें रांची रिम्स भी रेफर किया जा सकता है। वहीं, इस हादसे में तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गयी।
जेसीबी मशीन से मिट्टी हटा कर निकाली गयीं बच्चियां
दोपहर करीब बारह बजे एक बच्ची रोते हुए गांव की ओर भाग कर आयी। उसने लोगों को बताया कि मिट्टी की चाल धंस गयी है। उसकी सभी सहेलियां उसमें दब गयी हैं। सूचना मिलने के बाद प्रतापपुर थाना पुलिस जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची। मिट्टी हटा कर बच्चियों को बाहर निकाला गया। इनमें तीन बच्चियों की मौत हो गयी थी। दो की सांसें चल रही थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
दीपावली के लिए दुधिया माटी लाने गयी थीं
जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व पर घर का रंग-रोगन करने के लिए सुदूरवर्ती गांवों की युवतियां और महिलाएं दुधिया मिट्टी लाने के लिए निकटवर्ती क्षेत्रों में गयी थीं। बिलासपुर गांव की छह बच्चियां भी मिट्टी लाने के लिए गयी थीं। इनकी उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच थी। सभी एक साथ दुधिया मिट्टी लाने के लिए अपने-अपने घरों से निकली थीं।