बेगूसराय। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन के सभागार में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक किया।
जिसमें मुख्य रूप से मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रखंड के सभी मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों द्वारा गिरिराज सिंह को एक मांग पत्र सौंपा गया। जिसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना सूची में शामिल व्यक्तियों के अभी तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
जिसके कारण स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आम जनता का कोप भाजन का शिकार होना पड़ रहा है। मनरेगा योजना में सामग्री बाजार मूल्य से काफी कम है, बाजार मूल्य अधिक होने के कारण वेंडर सामग्री आपूर्ति नहीं कर पाते हैं। किसानों के द्वारा पशु सेड के निर्माण होने के बाद भी राशि भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।
केंद्र सरकार द्वारा प्राप्त 15वीं वित्त आयोग की राशि में बढ़ोतरी की जाए, इसके साथ ही टाइड एवं अनटाइड से मुक्त किया जाए। सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में एजेंसी के चयन करने का अधिकार ग्राम पंचायत को दिया जाए, जिससे योजना को सुचारू रूप से शत प्रतिशत धरातल पर उतारा जा सके।
जनप्रतिनिधियों की समस्या सुनने के बाद गिरिराज सिंह ने योजनाओं में गड़बड़ी के लिए राज्य सरकार को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि भाजपा जब राज्य में सरकार में थी, तब भी मैं आवाज उठाया करता था। आगे भी राज्य सरकार के समक्ष आप लोगों के समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद करूंगा।
गिरिराज सिंह ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत क्षेत्र के गरीब गुरबे पशुपालकों को पशु शेड बनवाया जाएगा। पूर्व से चल रहे प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्य पूर्ण होते ही फिर नए सिरे से बचे हुए लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। गिरिराज सिंह का स्वागत मुखिया संघ के अध्यक्ष अनिल सिंह एवं काजी रसलपुर मुखिया महंत प्रणव भारती ने किया।
बैठक में बीडीओ धर्मवीर कुमार प्रभाकर, सीओ वीणा भारती, मनरेगा पीओ राम इकबाल पंडित, सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, उपाध्यक्ष बलराम सिंह, मुखिया सुनील कुमार राय, सोनू तांती, पंसस प्रतिनिधि कंचन मिश्रा, उपमुखिया लक्ष्मण राय एवं पैक्स अध्यक्ष विनोद कुमार राय आदि उपस्थित थे।