गंगटोक। सिक्किम में तीस्ता नदी में आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। शुक्रवार तक मृतकों की संख्या 26 थी और आज यह संख्या बढ़कर 30 हो गई है। लापता लोगों की संख्या कल 142 थी, जो आज घटकर 81 हो गई है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आज जारी रिपोर्ट में कहा कि शनिवार शाम 6 बजे तक हादसे में मरने वालों की संख्या 30 तक पहुंच गई है। 81 लोग अभी भी लापता हैं। बाढ़ से 1320 घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और 2563 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। 26 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक अब तक मंगन जिले में 4 और गंगटोक जिले में 6 लोगों की मौत हुई है। पाकिम जिले में 19 लोगों की मौत हुई, जिनमें सेना के 9 जवान भी शामिल हैं। नामची जिले में अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन आज 1 व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।